टॉस हारकर लखनऊ सुपर जायंट्स के ओपनर्स ने इस सीजन की सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी की। लखनऊ की तरफ से मिचेल मार्श ने 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने IPL में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
मिचेल मार्श की यह IPL में दूसरी सेंचुरी है। IPL 2026 के 50वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शतक जड़ने के लिए मात्र 49 गेंदों का सामना किया। इस सीजन शतक जड़ने वाले मार्श 10वें खिलाड़ी बने।
मिचेल मार्श ने इसके साथ लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ा। पंत इससे पहले लखनऊ के लिए 54 गेंदों में शतक जड़ चुके थे।
इससे पहले ऋषभ पंत ने RCB के खिलाफ ही मात्र 54 गेंदों में शतक जड़कर लखनऊ के लिए सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया था। लखनऊ के लिए केएल राहुल, मार्कस स्टोइनिस और मिचेल मार्श इससे पहले 56 गेंदों में शतक जड़ चुके हैं।
मार्श ने अपनी सेंचुरी पूरी करने के लिए 8 छक्के जड़े। इसके अलावा उन्होंने 9 चौके भी लगाए। उन्होंने अपनी सेंचुरी में 84 रन चौके-छक्के से पूरे किए। इस मैच में मिचेल मार्श शुरुआत से ही आक्रामक नजर आ रहे थे। उन्होंने अपने सलामी जोड़ीदार के साथ 95 रनों की साझेदारी निभाई।
मिचेल मार्श ने LSG के लिए IPL इतिहास का 7वां शतक लगाया। इस टीम के लिए केएल राहुल सबसे ज्यादा 2 शतक लगा चुके हैं। फिलहाल वह दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेल रहे हैं। वहीं, क्विंटन डिकॉक भी LSG के लिए शतक जड़ चुके हैं। जो अभी मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेलते हैं।
LSG के लिए शतक जड़ने वाले मिचेल मार्श तीसरे विदेशी खिलाड़ी हैं। उनके अलावा क्विंटन डिकॉक और मार्कस स्टोइनिस ने भी LSG के लिए शतक लगाया है। स्टोइनिस अभी पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए खेल रहे हैं।
मिचेल मार्श का यह IPL करियर में दूसरा शतक है। इसके अलावा उन्होंने IPL में 10 अर्धशतक भी लगाए हैं। उन्होंने 37 विकेट भी अपने नाम किए हैं। इस सीजन LSG के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज मिचेल मार्श ही हैं।