शहर

Uttarakhand News: AIIMS ऋषिकेश से शुरू हुई देश की पहली हेली एंबुलेंस सेवा

उत्तराखंड में AIIMS ऋषिकेश से देश की पहली हेली एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस संबंध में जानकारी दी। जानिए पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को इससे कैसे फायदा मिलेगा।

Image

ऋषिकेश एम्स में शुरू हुई हेली एम्बुलेंस सेवा

Uttarakhand News: उत्तराखंड के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने कहा कि राज्य में आधुनिक और सुदृढ़ स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में AIIMS ऋषिकेश से देश की पहली हेली एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा खासतौर पर उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए काफी अहम है, जहां दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सड़क मार्ग से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में कई बार बहुत ज्यादा समय लग जाता है। आपात स्थिति में यह देरी मरीज की जान पर भारी पड़ सकती है।

दूरदराज के मरीजों को मिलेगा फायदा

हेली एंबुलेंस सेवा का उद्देश्य गंभीर मरीजों को कम समय में बेहतर चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाना है। इसके जरिए पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का फोकस स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के साथ-साथ राज्य के अंतिम छोर तक पहुंचाने पर है। हेली एंबुलेंस जैसी सुविधा से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच चुनौती रही है

उत्तराखंड में भौगोलिक चुनौतियों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच लंबे समय से बड़ी चुनौती रही है। ऐसे में हवाई चिकित्सा सेवा को पर्वतीय इलाकों के लिए अहम पहल माना जा रहा है। इससे दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य मेडिकल इमरजेंसी के मामलों में मरीजों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

उधमसिंह नगर में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

इधर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उधमसिंह नगर का दौरा किया। यहां उन्होंने शहीद सरदार ऊधम सिंह जी के बलिदान दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अखंड पाठ में भी भाग लिया। इस अवसर पर सीएम धामी ने कहा, सरदार उधम सिंह जी का राष्ट्रप्रेम और मातृभूमि के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी अमर गाथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

सीएम धामी ने ऊधम सिंह नगर में नवनिर्मित बस स्टेशन गदरपुर, खण्ड विकास कार्यालय भवन का लोकार्पण एवं डलबाबा मन्दिर से गूलरभोज कूल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक सड़क एवं आन्तरिक मार्गों का शिलान्यास भी किया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article