इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें संस्करण का माहौल बनने लगा है। इसकी वजह है नए सीजन के लिए जल्द आयोजित होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी। हाल में कई खिलाड़ियों को उनकी टीमों ने रिलीज कर दिया था जिसके जवाब में कुछ विदेशी दिग्गजों ने टूर्नामेंट में नहीं खेलने का फैसला किया है। यहां आपको बताएंगे अब इस लिस्ट में चौथा नाम किस खिलाड़ी का जुड़ गया है और कितने खिलाड़ियों ने इस बार की नीलामी के लिए किया है रजिस्टर।
आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन 16 दिसंबर को होगा। इस बार नीलामी का आयोजन अबु धाबी के एतिहाद एरीना में होगा। टीमों ने कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है, जिसकी भरपाई इस नीलामी के जरिए होगी।
पिछले दो-तीन दिनों के अंदर तीन बड़े विदेशी खिलाड़ियों ने आईपीएल 2026 में ना खेलने का फैसला लेकर सबको चौंका दिया है। इन खिलाड़ियों ने आईपीएल की जगह पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने का फैसला किया है।
जिन तीन खिलाड़ियों ने पिछले कुछ दिनों में आईपीएल 2026 में खेलना का निर्णय सुनाया है, वो हैं दिल्ली कैपिटल्स द्वारा रिलीज किए गए दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी फाफ डु प्लेसिस, कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा रिलीज किए गए वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल और KKR द्वारा ही रिलीज किए गए एक अन्य खिलाड़ी इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोइन अली।
आईपीएल 2026 के लिए होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के लिए जिन खिलाड़ियों ने रजिस्टर किया है उसकी लिस्ट की घोषणा कर दी गई है। इसमें चौंकाने वाली बात ये दिखी कि सालों से आईपीएल में धमाल मचाने वाले ऑस्ट्रेलिया के महान ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का नाम लिस्ट में मौजूद नहीं है। यानी उन्होंने अपना नाम रजिस्टर नहीं कराया है।
फाफ डु प्लेसिस, आंद्रे रसेल और मोईन अली द्वारा उनकी आईपीएल टीमों द्वारा रिलीज किए जाने के बाद उन्होंने पीएसएल (Pakistan Super League) से जुड़ने का फैसला लिया है। अब सवाल ये है कि क्या ग्लेन मैक्सवेल भी उसी ओर कदम बढ़ा रहे हैं या फिर वो सिर्फ इस सीजन के लिए पीछे हटे हैं।
हाल में जब सभी 10 टीमों ने अपनी रिटेनशन और रिलीज लिस्ट को जारी किया था तब उसमें कई बड़े खिलाड़ियों को टीमों ने खुद से अलग कर दिया था। ग्लेन मैक्सवेल भी उन्हीं बड़े नामों में से एक हैं जिन्हें पंजाब किंग्स ने रिटेन नहीं किया।
आईपीएल 2026 नीलामी के लिए जिन खिलाड़ियों ने अपने नाम का पंजीकरण कराया है उनकी संख्या 1355 है। ग्लेन मैक्सवेल, आंद्रे रसेल, फाफ डु प्लेसिस और मोईन अली के नीलामी में अपना नाम रजिस्टर ना कराने से एक खिलाड़ी की किस्मत चमक सकती है और वो हैं इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन जिन पर अब टीमें बड़ी रकम बहाने की तैयारी में जुट जाएंगी।
ग्लेन मैक्सवेल ने इसी के साथ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके आईपीएल से रिटायरमेंट का ऐलान भी कर दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में भारत और आईपीएल से जुड़ी यादों के लिए शुक्रिया कहा है।