इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट 27 अगस्त से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। पहला टेस्ट हारने के बाद पाकिस्तान के लिए सीरीज में बने रहने के लिए हर हाल में यह मुकाबला जीतना होगा। इस मुकाबले से पहले उसके लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। दरअसल पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम वापसी के लिए तैयार हैं। चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर रहने वाले बाबर के आने से पाकिस्तान टीम की बल्लेबाजी को बल मिलेगा। पाकिस्तान के बॉलिंग कोच उमर गुल ने बाबर के इंजरी को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि बाबर ने ट्रेनिंग सेशन में जमकर बैटिंग की है और वह पूरी तरह से वापसी करने के लिए फिट हैं।
गुल ने कहा 'बाबर ने नेट्स में बल्लेबाजी की, उन्होंने इस दौरान तेज गेंदबाजों, स्पिनरों और थ्रोडाउन का सामना किया। हमें उम्मीद है कि वह मैच के लिए उपलब्ध होंगे। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बाबर को उंगली में चोट लग गई थी। यही कारण है कि वह पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे। लॉर्ड्स में उनके वापस आने से पाकिस्तानी की बल्लेबाजी क्रम में मजबूती आएगी जो लीड्स में संघर्ष कर रही थी। लीड्स में इंग्लैंड ने 86 ओवर के भीतर पाकिस्तान को दो बार आउट किया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले सीरीज में बाबर सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 96.50 की औसत से दो अर्धशतक की मदद से 193 रन बनाए थे।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- 750 गेंद में टेस्ट खत्म, सुनील गावस्कर ने आईसीसी के दोहरे रवैये पर उठाए सवाल
बाबर की वापसी से पाकिस्तान के बैटिंग ऑर्डर में बदलाव करना होगा। बाबर की वापसी के कारण अजान अवैश को बाहर बैठना पड़ सकता है। ऐसे में शान मसूद और अब्दुल्ला शफीक पारी का आगाज कर सकते हैं। बाबर नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हैं।
इंग्लैंड में बाबर का रिकॉर्ड शानदार
इंग्लैंड में बाबर आजम का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने छह पारियों में 65.75 की औसत से 263 रन बनाए हैं जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 14 पारियों में 53.83 की औसत से 646 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 6 अर्धशतक जड़े हैं।
