26 मार्च चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर पावन नगरी अयोध्या में धार्मिक आयोजनों की कड़ी के बीच गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के परकोटा स्थित सूर्य मंदिर के शिखर पर विधिवत धर्म ध्वज फहराया गया। इस आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में बने सूर्य मंदिर पर विधि-विधान के साथ ध्वज आरोहण किया गया। इस खास आयोजन में संत-महंतों और ट्रस्ट से जुड़े प्रमुख लोगों की उपस्थिति रही। भगवा रंग के इस ध्वज पर ‘ॐ’ अंकित था, जो सनातन परंपरा और आस्था का प्रतीक माना जाता है। इसके पहले बीते 25 नवंबर 2025 को राम मंदिर पर ध्वज लगाया गया था, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फहराया था। राम मंदिर के परकोटे में कुल 7 मंदिरों के शिखर हैं। इनमें मुख्य मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर पहले ही ध्वजारोहण हो चुका है। वहीं, सूर्य मंदिर को मिलाकर कुल 3 मंदिरों पर ध्वजारोहण हो चुका है। परकोटे में शिव मंदिर, गणेश मंदिर, हनुमान मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, शेषावतार मंदिर और सूर्य मंदिर के शिखर स्थित हैं।
सूर्य मंदिर के ध्वजदंड और ध्वज की बनावट भी खास रही। मंदिर के प्रवेश द्वार से बाईं ओर परकोटा के नैऋत्य कोण में स्थित इस मंदिर पर करीब 19 फीट 7 इंच ऊंचे ध्वजदंड पर ध्वज फहराया गया। ध्वज की लंबाई लगभग 9 फीट 3 इंच और चौड़ाई करीब 4 फीट 7 इंच रखी गई। भगवा रंग का यह ध्वज दूर से ही आकर्षण का केंद्र बना रहा।
ध्वजारोहण का कार्यक्रम पूरी तरह वैदिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न किया गया। आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के बाद सूर्य मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज स्थापित किया गया। जैसे ही ध्वज फहराया गया, ‘जय श्री राम’ और सूर्य नारायण के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस खास अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में भक्त इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर ध्वजारोहण के इस आयोजन में भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस धार्मिक आयोजन में कई प्रमुख संत-महंत और ट्रस्ट से जुड़े लोग शामिल हुए। महंथ वैदेही वल्लभ शरण जी महाराज, महंथ देवेंद्र प्रसादाचार्य, महंथ रामचरणदास , जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्रीधराचार्य , स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज समेत कई प्रमुख हस्तियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अलावा ट्रस्टी और प्रशासनिक अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।