मनोरंजन जगत में आज कई बड़ी खबरें सुर्खियों में बनी हुई हैं। किसी के निधन ने फैंस को भावुक कर दिया, तो कहीं फिल्मों की शूटिंग और रिलीज को लेकर नए अपडेट सामने आए हैं। यश की ‘टॉक्सिक’ के साथ इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर G9’ का टीजर दिखाए जाने की चर्चा है। वहीं मोहनलाल और जीतू जोसेफ के ‘दृश्यम 4’ के लिए साथ आने की खबर ने फैंस को उत्साहित कर दिया है। हिना खान ने शाहरुख खान से जुड़ी अपनी पुरानी याद शेयर की, जबकि सैफ अली खान ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे मीम्स पर बात की। इसके अलावा रजनीकांत की ‘जेलर 2’, आलिया भट्ट की ‘अल्फा’ और गोविंदा-सुनीता आहूजा से जुड़ी खबरें भी चर्चा में हैं।
दिवंगत राहुल अरुणोदय बनर्जी और एक्ट्रेस मौमिता पंडित के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बातों पर मौमिता ने जवाब दिया है। उन्होंने कथित 'फेक लव स्टोरी' वाली बातों पर नाराजगी जताते हुए अपनी बात रखी और ऐसी खबरों पर सवाल उठाए।
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के थिएटर रिलीज के साथ इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर G9’ का टीजर दिखाए जाने की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक दर्शकों को फिल्म शुरू होने से पहले इस नए प्रोजेक्ट की झलक देखने को मिल सकती है।
हिना खान ने शाहरुख खान के साथ अपनी एक पुरानी याद शेयर की है। उन्होंने बताया कि फ्लाइट में शाहरुख सो रहे थे और वो उनके जागने का इंतजार करती रहीं, ताकि उनके साथ एक फोटो ले सकें।
रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल मीम्स की वजह से भी चर्चा में हैं। उनकी बेटी रीवा किशन ने पिता के मीम सेंसेशन बनने पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने इस पूरे मामले को हल्के अंदाज में लिया।
कार्तिक आर्यन की अगली फिल्म को लेकर डायरेक्टर कबीर खान ने साफ किया है कि शूटिंग के शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिल्म अपने तय प्लान के मुताबिक आगे बढ़ रही है।
आलिया भट्ट और शरवरी की फिल्म ‘अल्फा’ की ओटीटी रिलीज को लेकर अपडेट सामने आया है। फिल्म नेटफ्लिक्स पर 28 अगस्त को रिलीज होगी।
सैफ अली खान ने खुद को Gen Z कहे जाने वाले सोशल मीडिया मीम्स पर रिएक्शन दिया है। सैफ अली खान ने कहा कि 'वो मेरा ही एक बहुत बड़ा पोस्टर था, इसलिए मैं बस फिल्म और खुद को शुभकामनाएं दे रहा था। मैं थोड़ा बच्चों जैसा और थोड़ा पागल हूं। मुझे इस पेशे में 35 साल हो चुके हैं, इसलिए 21-22 साल की उम्र में जब मैंने वो बातें कही थीं, तब मैं आज से बिल्कुल अलग इंसान था। अब वही पुराने बयान वायरल हो रहे हैं।'
‘जेलर 2’ के गाने ‘आला बोलेलो’ में डांस करने वाली शमना कासिम ने अपना अनुभव शेयर किया है। उन्होंने बताया कि रजनीकांत की फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए खास पल है। शमना ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें रजनीकांत के साथ ऐसी फिल्म में काम करने का मौका मिलेगा।
गोविंदा की दूसरी शादी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उनकी पत्नी सुनीता आहूजा जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आईं। पैपराजी को देखते ही उन्होंने दूरी बनाए रखी।
मीना कुमारी की नकल के लिए पहचानी जाने वाली कलाकार आशा सिंह का 22 अगस्त को निधन हो गया। उनके बेटे ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर मां को याद किया। उनके निधन की खबर से फिल्मी दुनिया और उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर है।
मोहनलाल और डायरेक्टर जीतू जोसेफ एक बार फिर ‘दृश्यम 4’ के लिए साथ आने वाले हैं। प्रोड्यूसर एंटनी पेरुम्बावूर ने इस खबर की पुष्टि की है।