क्रिकेट

Duleep Trophy 2026, EAZ vs NEZ: वैभव सूर्यवंशी का नहीं चला बल्ला, घरामी और शाहबाज के शतकों की बदौलत मजबूत स्थिति में ईस्ट जोन

दलीप ट्रॉफी के पहले दिन ईस्ट जोन ने सुदीप घरामी और शाहबाज अहमद के शतकों की बदौलत बड़ा स्कोर खड़ा करके अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। जानिए कैसा रहा पहले दिन के खेल का हाल।

Image

शाहबाज अहमद और सुदीप घरामी (फोटो क्रेडिट BCCI Domestic X)

बेंगलुरु: बंगाल के मध्यक्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज सुदीप घरामी ने पिछले घरेलू सत्र की शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए रविवार को दलीप ट्रॉफी के पहले दिन 146 रन की शानदार पारी खेली जिससे पूर्वी क्षेत्र ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के खिलाफ दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर 355 रन बना लिए।

घरामी को शाहबाज अहमद का अच्छा साथ मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी कर ईस्ट जोन को पांच विकेट पर 138 रन की मुश्किल स्थिति से उबारा। शाहबाज 100 रन बनाकर नाबाद रहे।

वैभव सूर्यवंशी का नहीं चला बल्ला, नाकाम रहे ईश्वरन

दिन की शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी केवल आठ रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने मिडविकेट के ऊपर से शानदार शॉट और फिर कवर ड्राइव लगाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन मणिपुर के गेंदबाज बिश्वरजीत कोंथौजाम की गेंद पर कट लगाने के प्रयास में गली में कैच दे बैठे। अभिमन्यु ईश्वरन 15 रन ही बना सके। मध्यम गति के गेंदबाज जोतिन सिंह की गेंद पर वह पगबाधा आउट हुए। इसके बाद कुमार कुशाग्र और घरामी ने तीसरे विकेट के लिए 92 रन जोड़े। कुशाग्र ने 65 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 55 रन बनाए और अच्छी लय में नजर आए। घरामी ने भी पारी को संभालते हुए धीरे-धीरे रन गति बढ़ाई।

घरामी और शाहबाज ने जड़े शतक

कुशाग्र के आउट होते ही ईस्ट जोन के विकेट जल्दी-जल्दी गिरने लगे। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन और विराट सिंह भी जल्द ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद घरामी और शाहबाज ने मोर्चा संभाला। पिछले साल घरेलू क्रिकेट में 795 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर रहे घरामी ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने पैरों की ओर आने वाली गेंदों को आसानी से सीमा रेखा के पार भेजा और ऑफ साइड में भी शानदार ढंग से खाली जगह तलाशते रहे। इसी दौरान उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट का नौवां शतक पूरा किया। घरामी ने 185 गेंदों की अपनी पारी में 25 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं शाहबाज ने 137 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के जड़े।

पहले दिन ईस्ट जोन ने बनाए 355 रन

पूर्वोत्तर क्षेत्र के गेंदबाजों के अनुभव की कमी का फायदा पूर्व क्षेत्र के बल्लेबाजों को मिला। घरामी के आउट होने तक टीम काफी हद तक संभल चुकी थी। इसके बाद शाहबाज और अनुकूल रॉय ने 67 रन और जोड़कर पहली पारी में 450 से अधिक रन बनाने की उम्मीद जगा दी। पहले दिन के खेल का अंत ईस्ट जोन ने 6 विकेट पर 355 रन के साथ किया है। शाहबाज 100 और अनुकूल रॉय 22 रन बनाकर खेल रहे हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article