क्रिकेट

Duleep Trophy 2026, NOZ vs WEZ: तनुष कोटियान और तुषार देशपांडे चमके, वेस्ट जोन ने नॉर्थ जोन को सस्ते में समेटा

तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे और ऑफ स्पिनर तनुष कोटियान की शानदार गेंदबाजी की बदौलत वेस्ट जोन ने नॉर्थ जोन को सस्ते में समेटकर अपनी पकड़ मैच में मजबूत कर ली है। ऐसा रहा पहले दिन के खेल का हाल।

Image

नॉर्थ जोन बनाम वेस्ट जोन (फोटो क्रेडिट BCCI Domestic X)

बेंगलुरु: तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे और ऑफ स्पिनर तनुष कोटियान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार-चार विकेट लिए जिससे पश्चिम क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन ’सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में उत्तर क्षेत्र को महज 251 रन पर ऑलआउट कर दिया। देशपांडे ने 57 रन देकर और कोटियान ने 72 रन देकर चार-चार विकेट झटके। उत्तर क्षेत्र की टीम एक समय 117 रन पर दो विकेट गंवाकर अच्छी स्थिति में दिख रही थी लेकिन बाद में टीम 220 रन पर नौ विकेट गंवाकर मुश्किल में फंस गई। हालांकि अंशुल कंबोज ने 52 गेंद पर पांच चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से आक्रामक 60 रन बनाकर टीम को 250 रन के पार पहुंचाया।

उत्तर क्षेत्र ने कुछ हद तक वापसी भी की। बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक ने शानदार गेंद पर सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव को क्लीन बोल्ड किया जबकि दूसरे सलामी बल्लेबाज हार्विक देसाई को भारत के टी20 विशेषज्ञ अर्शदीप सिंह ने कैच आउट कराया। दिन का खेल खत्म होने तक पश्चिम क्षेत्र ने दो विकेट गंवाकर 31 रन बना लिए थे।

रविचंद्रन अश्विन के सीरीज के दौरान संन्यास की घोषणा करने के बाद 2024-25 में कोटियान को उनके विकल्प के रूप में ऑस्ट्रेलिया बुलाया गया था। हालांकि उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला, लेकिन अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर कोटियान भारतीय टीम की दौड़ में बने रहे और 2025 में भारत ए के साथ इंग्लैंड दौरे पर भी गए। हालांकि 2025-26 के रणजी ट्रॉफी सत्र में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा जिससे वह चयन की दौड़ में पीछे हो गए और सारांश जैन उनसे आगे निकलकर टेस्ट पदर्पण करने में सफल रहे।

दूसरे स्पेल में प्रभावी दिखे कोटियान

इस मैच में कोटियान ने गेंदबाजी की शुरुआत की, लेकिन उनका प्रभाव दूसरे स्पेल में दिखा। उन्होंने जुझारू बाएं हाथ के बल्लेबाज आयुष दोसैजा (42) को आउट किया। पारी के अंतिम हिस्से में कोटियान ने निचले क्रम के बल्लेबाजों को समेटने का काम किया जबकि देशपांडे ने तेज रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को परेशान किया और मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया।

भारी पड़ा सनत सांगवान को बाहर रखने का फैसला

उत्तर क्षेत्र के लिए रणजी ट्रॉफी में 800 से ज्यादा रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान को बाहर रखने का फैसला भारी पड़ा। यश धुल के चयन पर भी सवाल उठे क्योंकि भारत की अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान इस दौरान कोटियान और मुकेश चौधरी की गेंदों के खिलाफ आत्मविश्वास से नहीं खेल सके और अंततः शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। आयुष बडोनी (51) ने क्रीज पर रहते हुए प्रभावशाली बल्लेबाजी की और तेज तथा स्पिन दोनों गेंदबाजों के खिलाफ सहज नजर आए। लेकिन बडोनी के आउट होने के बाद उत्तर क्षेत्र के बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। अंततः कंबोज ने आक्रामक अर्धशतक लगाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article