शहर

'घूमने चलें', कहकर लिव-इन पार्टनर को कार में ले गया प्रेमी, फिर हत्या कर जंगल में फेंका शव; मेरठ पुलिस ने खोला राज

मेरठ के सरधना क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतका की पहचान शीबा के रूप में हुई है। सादिक नामक व्यक्ति ने बेटा पाने की चाहत में शीबा को अपने प्रेम जाल में फंसाया और लिव-इन में रखा। बेटा पैदा होने के एक साल बाद सादिक ने अपनी पहली पत्नी, मां और भाइयों के साथ मिलकर शीबा की हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए चेहरा ईंट से कुचल दिया।

Image

मेरठ मर्डर मिस्ट्री

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बेटे की चाहत में एक महिला को पहले प्रेम जाल में फंसाया गया और बेटा पैदा होने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। सरधना थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को मिले अज्ञात महिला के क्षत-विक्षत शव की पहचान भावनपुर के ग्राम सयाल निवासी शीबा के रूप में हुई है। पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि शीबा की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके लिव-इन पार्टनर सादिक ने अपने पूरे परिवार के साथ मिलकर की थी।

शीबा की शादी 2019 में लाला मोहम्मदपुर निवासी शाहरुख से हुई थी और उसके दो बच्चे थे। इसी दौरान उसकी नजदीकी कंकरखेड़ा निवासी सादिक से बढ़ी। सादिक पहले से शादीशुदा था और उसकी पांच बेटियां थीं। बेटा न होने के कारण सादिक ने शीबा को अपने साथ लिव-इन में रखना शुरू किया। जब परिवार ने विरोध किया, तो सादिक ने उन्हें समझाया कि वह केवल बेटा पाने के लिए शीबा को अपने साथ रख रहा है। करीब एक साल पहले जब शीबा ने एक बेटे को जन्म दिया, तब सादिक और उसके परिजनों ने शीबा को रास्ते से हटाकर बच्चे को खुद रखने की साजिश रची।

देहरादून घुमाने के बहाने कार में गला घोंटा, ईंट से कुचला चेहरा

सादिक ने अपनी पहली पत्नी आशिया, मां वसीला और भाई शादाब व आबिद के साथ मिलकर खौफनाक योजना बनाई। 19 अगस्त को आरोपी शीबा को देहरादून घुमाने के बहाने कार में बैठाकर ले गए। रास्ते में ही सादिक ने कार के भीतर शीबा का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को सरधना रोड पर एक खेत में फेंक दिया गया और पहचान छिपाने के मकसद से ईंट से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया।

21 अगस्त को सोशल मीडिया पर हुई थी अज्ञात शव की तस्वीर वायरल

21 अगस्त को सोशल मीडिया पर जब अज्ञात शव की तस्वीर वायरल हुई, तब परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान शीबा के रूप में की। परिजनों ने बताया कि 19 अगस्त को शीबा का फोन आया था कि सादिक और उसके घरवाले उसे जबरन ले जा रहे हैं, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया था। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस की चार टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सादिक, उसकी पहली पत्नी आशिया, मां वसीला और भाई शादाब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें