आज के डिजिटल युग में हर बिजनेस ऑनलाइन अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। 10वीं के बाद डिजिटल मार्केटिंग में 3 से 6 महीने का सर्टिफिकेट कोर्स करके आप सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO), सोशल मीडिया मैनेजमेंट और ऑनलाइन एड्स की बारीकियां सीख सकते हैं। इस कोर्स को करने के बाद आप किसी कंपनी में ट्रेनी के रूप में जुड़ सकते और फ्रीलांसर के तौर पर भी अपना करियर बना सकते हैं।
किसी भी ऑफिस में काम करने के लिए बुनियादी कंप्यूटर ज्ञान होना बेहद अनिवार्य है। 3 महीने का यह कोर्स छात्रों को एमएस वर्ड, एक्सेल, पॉवरपॉइंट और बेसिक इंटरनेट ऑपरेशन्स में माहिर बनाता है। इसे सीखने के बाद आप डाटा एंट्री ऑपरेटर, फ्रंट डेस्क एग्जीक्यूटिव या बैक-ऑफिस असिस्टेंट के रूप में काम की शुरुआत कर सकते हैं।
यदि आपकी रुचि कोडिंग और क्रिएटिविटी दोनों में है, तो वेब डिजाइनिंग एक बेहतरीन शॉर्ट टर्म कोर्स है। इसमें HTML, CSS और जावास्क्रिप्ट जैसी बुनियादी वेब भाषाओं के साथ-साथ वेबसाइट की रूपरेखा तैयार करना सिखाया जाता है। 6 महीने का यह कोर्स पूरा करने के बाद आप जूनियर वेब डिजाइनर के रूप में आईटी कंपनियों में एंट्री पा सकते हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट, पोस्टर, बैनर और लोगो डिजाइन करने के लिए ग्राफिक डिजाइनर्स की बाजार में जबरदस्त मांग है। Photoshop, Illustrator और Canva जैसे टूल्स पर आधारित 3 से 6 महीने का यह कोर्स आपकी क्रिएटिविटी को नया आयाम देता है। इस क्षेत्र में कम समय में अच्छी कमाई के अवसर मिलते हैं और आप एडवरटाइजिंग एजेंसियों या मीडिया हाउस में काम कर सकते हैं।
छोटे व्यवसायों से लेकर बड़ी कंपनियों तक, सभी को अपने वित्तीय रिकॉर्ड संभालने के लिए अकाउंटेंट्स की जरूरत होती है। GST और Tally Prime पर आधारित 3 से 6 महीने का सर्टिफिकेट कोर्स 10वीं पास छात्रों के लिए कॉमर्स और फाइनेंस की दुनिया में प्रवेश करने का आसान रास्ता है।
बढ़ते डिजिटल लेन-देन और इंटरनेट के इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध भी बढ़े रहा है, जिससे साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मांग भी काफी बढ़ गई है। 10वीं के बाद साइबर सिक्योरिटी में बेसिक सर्टिफिकेट कोर्स करके आप नेटवर्किंग, डेटा सुरक्षा और एथिकल हैकिंग की बुनियादी बातें सीख सकते हैं।
फैशन डिजाइनिंग आज भी लोकप्रिय शॉर्ट टर्म कोर्स में से है। अगर आप फैशन की अच्छी समझ रखते हैं और अपनी क्रिएटिविटी को और बढ़ाना चाहते हैं तो आप फैशन डिजाइनिंग में 3 से 8 महीने का शॉर्ट टर्म कोर्स कर सकते हैं।
तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ बेहतर संचार कौशल यानी कम्यूनिकेशन स्किल्स होना बेहद जरूरी है। 2 से 3 महीने का स्पोकन इंग्लिश और पर्सनालिटी डेवलपमेंट कोर्स आपकी झिझक दूर करता है और अंग्रेजी में आत्मविश्वास के साथ बोलना सिखाता है। यह कोर्स हर तरह के इंटरव्यू को क्रैक करने और किसी भी फील्ड में अपना प्रभाव छोड़ने में आपकी मददगार साबित होगा।