18 अगस्त 2008 को विराट कोहली ने भारत के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह खिलाड़ी आने वाले वर्षों में सचिन तेंदुलकर के कई रिकॉर्ड्स को चुनौती देगा और कुछ मामलों में उन्हें पीछे भी छोड़ देगा। समय बदला, क्रिकेट बदला, लेकिन कोहली की रन बनाने की भूख नहीं बदली। टेस्ट, वनडे और टी20, तीनों प्रारूपों में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
हालांकि, अब वह टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे में उनकी बल्लेबाजी की कहानी अभी जारी है। आंकड़ों के मुताबिक कोहली ने टेस्ट में 9,230, वनडे में 14,941 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4,188 रन बनाए हैं। आइए आज जानते हैं उनके कुछ महारिकॉर्ड्स के बारे में जिन्हें तोड़ पाना शायद असंभव सी बात हो।
कोहली ने कप्तान के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में 7 दोहरे शतक बनाए हैं, जो बतौर कप्तान किसी भी खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा दोहरे शतक हैं। उन्होंने ब्रायन लारा और रिकी पोंटिंग जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है।
विराट कोहली रन के कितने भूखे हैं। ये इस बात से अंदाजा लगा सकते हैं कि उन्होने 2016 इंडियन प्रीमियर लीग में 973 रन बनाए, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। यह एक ऐसा रिकॉर्ड है जिसे कोई चुनौती नहीं दे सकता।
विराट कोहली सभी फॉर्मेट में 21 बार प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया है, जो उनके लगातार मैच जिताने वाले प्रदर्शन को दिखाता है। इसके अलावा उनके नाम सबसे ज्यादा आईसीसी अवार्ड और सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने का भी रिकॉर्ड दर्ज है।
विराट कोहली के नाम वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है। विराट कोहली ने 51 वनडे शतक जड़े हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर (49) को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा सबसे तेज 10 हजार वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ी है। उन्होंने 205 पारियों में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की थी।
विराट कोहली ने वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया हुआ है। उन्होंने यह कमाल 2023 में किया है। विराट कोहली ने 2023 के वर्ल्ड कप में 765 रन बनाए थे।