कई लोगों को यह नहीं पता होता कि उनके PF खाते में हर साल कितना ब्याज जुड़ रहा है और इसे घर बैठे कैसे चेक किया जा सकता है। खास बात यह है कि आने वाले वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सरकार ब्याज दर बढ़ाने पर विचार कर रही है, जिससे करोड़ों कर्मचारियों को राहत मिल सकती है।
फिलहाल EPFO ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 8.25% ब्याज दर लागू की है। यह ब्याज लगातार दूसरे साल भी वही रखा गया है। PF खाते में पूरे साल जो भी राशि जमा होती है, उस पर ब्याज उसी वित्तीय वर्ष के अंत में जोड़ दिया जाता है। यह भी उम्मीद है कि नई ब्याज दर पर फैसला EPFO की बैठक में फरवरी 2026 के आसपास लिया जाएगा।
EPFO की स्कीम में शामिल होने के लिए अभी कर्मचारियों की अधिकतम सैलरी सीमा 15,000 रुपये (बेसिक + DA) निर्धारित है। यानी जिन लोगों की बेसिक और डीए की कुल राशि 15,000 रुपये तक है, उनके लिए PF में शामिल होना अनिवार्य है। हालांकि सरकार इस सीमा में बदलाव पर भी विचार कर रही है, जिससे अधिक कर्मचारियों को EPS यानी पेंशन योजना का फायदा मिल सके।
अब बात करें कि PF कैसे कटता है। आपकी बेसिक सैलरी और डीए का 12% PF में जाता है। इसी तरह एम्प्लॉयर भी 12% योगदान देता है, लेकिन यह दो हिस्सों में बांटा जाता है 8.33% पेंशन योजना (EPS) में और 3.67% EPF में। यह संरचना इसलिए रखी गई है ताकि पेंशन फंड लंबे समय तक स्थिर बना रहे।
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके PF खाते में कितनी रकम जमा है, तो इसके लिए आपको दफ्तर जाने की जरूरत नहीं है। अब आप घर बैठे कुछ आसान तरीकों से अपना PF बैलेंस चेक कर सकते हैं।
सबसे आसान तरीका है मिस्ड कॉल सेवा। इसके लिए अपने UAN से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल दें। कुछ ही सेकंड में आपको SMS के जरिए PF बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी। दूसरा तरीका है SMS सेवा। इसके लिए मोबाइल में EPFOHO UAN ENG टाइप करके 7738299899 पर भेजें। भाषा बदलकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
इसके अलावा उमंग ऐप भी PF बैलेंस चेक करने के लिए काफी आसान विकल्प है। उमंग ऐप खोलें, EPFO सेक्शन चुनें और ‘View Passbook’ पर क्लिक करें। UAN नंबर और OTP डालते ही आपके खाते की पूरी पासबुक दिखाई देने लगेगी।