लाइफस्टाइल

एक ही परफ्यूम हर किसी पर अलग खुशबू क्यों देता है? बहुत दिलचस्प है कारण

Chemistry of Perfume: परफ्यूम चुनना उस खुशबू को ढूंढ़ने जैसा है, जो आपकी त्वचा और शरीर की केमिस्ट्री के साथ मिलकर आपकी अपनी पहचान बन जाए।

Image

खेल खुशबू का (AI Generated Image)

Chemistry of Perfume: कभी ना कभी आपने भी जरूर गौर किया होगा कि जो परफ्यूम आपके दोस्त के शरीर पर बहुत अच्छी खुशबू देता है, वही खुशबू आप पर कुछ अलग महसूस होती है। आप समझ नहीं पाते कि ऐसा क्यो हो रहा है। हाल ही में रेहान परफ्यूम्स के फाउंडर खालिद कालसेकर ने रणवीर अलहाबादिया के एक पोडकास्ट में बताया कि इंसानों का खानपान इत्र की खुशबू को प्रभावित करता है।

बकौल खालिद परफ्यूम केमिस्ट्री है। एक ही परफ्यूम शाकाहारी और मांसाहारी शरीर पर अलग-अलग महकता है। दरअसल परफ्यूम्स इंसान के शरीर के साथ रिएक्ट करता है। शरीर के पसीने और प्राकृति तेलों से मिलकर परफ्यूम की खुशबू बिल्कुल बदल जाती है। तो काफी हद तक हमारी लाइफस्टाइल पर भी निर्भर करता है कि कोई परफ्यूम हमारे शरीर से कैसी खुशबू देगा।

क्या कहता है विज्ञान

विक्षान कहता है कि हर व्यक्ति की त्वचा की केमिस्ट्री अलग होती है। हर किसी की त्वचा में प्राकृतिक तेल, पसीना और बैक्टीरिया का बैलेंस अलग-अलग होता है। जब परफ्यूम त्वचा पर लगता है, तो उसकी खुशबू इन चीजों के साथ प्रतिक्रिया करती है। यही वजह है कि एक ही परफ्यूम दो लोगों पर अलग तरह से महक सकता है।

बॉडी टेंपरेचर से भी भी बदल जाती है खुशबू

हमारे शरीर का तापमान भी परफ्यूम की खुशबू को प्रभावित करता है। जिन लोगों के शरीर का तापमान ज्यादा होता है, उनकी त्वचा पर परफ्यूम के नोट्स जल्दी खुलते हैं और खुशबू तेजी से फैलती है। वहीं कुछ लोगों में खुशबू धीरे-धीरे विकसित होती है। इसीलिए एक ही परफ्यूम किसी पर हल्का और किसी पर ज्यादा तीखा महसूस हो सकता है।

खानपान का भी पड़ता है असर

यह सुनकर शायद हैरानी हो, लेकिन हमारा खानपान भी परफ्यूम की खुशबू को प्रभावित कर सकता है। मसालेदार भोजन, लहसुन, प्याज और कुछ तरह की दवाइयां शरीर की प्राकृतिक गंध को बदल सकती हैं। जब यह गंध परफ्यूम के साथ मिलती है, तो खुशबू भी थोड़ी अलग महसूस होती है।

स्किन टाइप से भी बढ़ता है अंतर

ड्राई और ऑयली स्किन पर भी परफ्यूम अलग तरह से काम करता है। ऑयली स्किन पर खुशबू आमतौर पर ज्यादा देर तक टिकी रहती है, क्योंकि त्वचा में मौजूद प्राकृतिक तेल खुशबू को पकड़कर रखते हैं। वहीं सूखी त्वचा पर परफ्यूम जल्दी हल्का पड़ सकता है। इसी वजह से कई लोग परफ्यूम लगाने से पहले मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं।

खरीदने से पहले टेस्ट करना क्यों है जरूरी

विशेषज्ञ कहते हैं कि किसी परफ्यूम को केवल पेपर स्ट्रिप पर सूंघकर खरीदने के बजाय उसे अपनी त्वचा पर लगाकर कुछ देर इंतजार करना चाहिए। शुरुआत में जो खुशबू महसूस होती है, वह कुछ समय बाद बदल जाती है और तब उसकी असली महक सामने आती है।

यही कारण है कि परफ्यूम चुनना उस खुशबू को ढूंढ़ने जैसा है, जो आपकी त्वचा और शरीर की केमिस्ट्री के साथ मिलकर आपकी अपनी पहचान बन जाए।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article