Skin Barrier: चेहरे की त्वचा अचानक रूखी लगने लगे, हल्की-सी क्रीम लगाने पर भी जलन होने लगे या स्किन लाल रहने लगे, तो हो सकता है कि आपका स्तिन बैरियर कमजोर हो चुका है। पिछले कुछ समय से स्किन बैरियर का विषय स्किनकेयर की दुनिया में खूब चर्चा में है। आइए जानते हैं कि आखिर यह है क्या और इसकी देखभाल क्यों जरूरी है?
क्या होता है स्किन बैरियर?
हमारी त्वचा की सबसे बाहरी परत को स्किन बैरियर या त्वचा का सुरक्षा कवच कहा जाता है। यह एक अदृश्य ढाल की तरह काम करता है, जो त्वचा के भीतर नमी को बनाए रखता है और धूल, प्रदूषण, बैक्टीरिया जैसे हानिकारक तत्वों को शरीर में प्रवेश करने से रोकता है। आसान भाषा में समझें तो स्किन बैरियर आपकी त्वचा का सुरक्षा गार्ड है। जब यह स्वस्थ रहता है, तो त्वचा मुलायम, हाइड्रेटेड और चमकदार दिखाई देती है।
कैसे कमजोर पड़ता है स्किन बैरियर?
स्किन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कई तरह की आदतें स्किन बैरियर को नुकसान पहुंचाती हैं। बार-बार चेहरे को धोना, बहुत ज्यादा एक्सफोलिएशन करना, एक साथ कई एक्टिव स्किनकेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल, हार्ड साबुन या केमिकल प्रोडक्ट्स का उपयोग और अत्यधिक गर्म या ठंडे मौसम के संपर्क में रहना इसकी प्रमुख वजहें हैं।
इसके अलावा, तनाव, नींद की कमी और प्रदूषण भी धीरे-धीरे इस सुरक्षा कवच को कमजोर करते हैं। सोशल मीडिया पर दिखने वाले जटिल स्किनकेयर रूटीन को आंख बंद करके अपनाना भी कई बार त्वचा के लिए नुकसानदायक साबित होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या नींद खुलते ही बिस्तर छोड़ देते हैं आप
स्किन बैरियर खराब होने पर क्या होता है?
जब यह सुरक्षा कवच कमजोर हो जाता है, तो त्वचा अपनी नमी खोने लगती है। नतीजतन, चेहरा रूखा, बेजान और सेंसिटिव महसूस होने लगता है। इसके कुछ सामान्य संकेत हैं:
- त्वचा में खिंचाव महसूस होना
- बार-बार लाल या जलन होना
- खुजली और छिलने की समस्या
- छोटे-छोटे दाने निकलना
- स्किन का जरूरत से ज्यादा ऑयली या जरूरत से ज्यादा ड्राई हो जाना
- पहले से इस्तेमाल किए जा रहे प्रोडक्ट्स से भी चुभन महसूस होना
कैसे करें इसकी देखभाल?
स्किन बैरियर को ठीक करने के लिए सबसे पहले अपनी स्किनकेयर रूटीन को सरल बनाना जरूरी है। चेहरे को माइल्ड क्लींजर से साफ करें और जरूरत से ज्यादा स्क्रबिंग से बचें।
त्वचा को पर्याप्त नमी देने वाले मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करें। ऐसे उत्पाद चुनें जिनमें त्वचा को सहारा देने वाले तत्व मौजूद हों। साथ ही, रोजाना सनस्क्रीन लगाना भी जरूरी है, क्योंकि सूरज की हानिकारक किरणें पहले से कमजोर स्किन बैरियर को और नुकसान पहुंचा सकती हैं। एक्सपर्ट्स ये सलाह भी देते हैं कि नई-नई क्रीम और सीरम एक साथ प्रयोग करने के बजाय त्वचा को आराम और रिकवरी का समय दें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मानसून की ये गलतियां कर सकती हैं गंजा
हमें समझना होगा कि हेल्दी स्किन का सीक्रेट मजबूत स्किन बैरियर में ही छिपा है। जब यह प्राकृतिक सुरक्षा कवच मजबूत रहता है, तो त्वचा खुद को बेहतर तरीके से सुरक्षित रख पाती है और उसकी चमक भी लंबे समय तक बरकरार रहती है।
