लाइफस्टाइल

Hair Care: नहीं आएगी गंजेपन की नौबत, इन 7 तरीकों से मानसून में करें बालों की केयर

Monsoon Hair Care Tips: मानसून में बाल झड़ना सामान्य है। फिर भी जरूरत से ज्यादा हेयर फॉल तो नजरंदाज न करें। समय रहते सही देखभाल पर ध्यान दें और गंजेपन को जीवन से दूर रखें।

Image

मानसून में यूं रखें बालों का ख्याल (Photo: Freepik)

Monsoon Hair Care Tips: देश के कई इलाकों में मानसून दस्तक दे चुका है। ये बारिश भयंकर गर्मी से राहत तो देती है लेकिन कई तरह की परेशानियां भी अपने साथ लेकर आती है। ऐसी ही एक परेशानी है बरसात के मौसम में बालों के झड़ने की। हवा में बढ़ी नमी, पसीना और बारिश का पानी सिर के तले को चिपचिपा बना देते हैं। नतीजा यह होता है कि बाल टूटने, झड़ने और बेजान होने लगते हैं।

कई लोगों को मानसून में सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा हेयर फॉल की शिकायत रहती है। वैसे कुछ आसान आदतों को अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है:

तले को रखें साफ

मानसून में सिर की त्वचा पर गंदगी, तेल और पसीना जल्दी जमा हो जाता है। इससे डैंड्रफ और फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए अपने बालों की जरूरत के हिसाब से सप्ताह में दो से तीन बार माइल्ड शैंपू से जरूर धोएं।

भीगने के बाद तुरंत धो लें बाल

बारिश के पानी में धूल के कण भी मौजूद होते हैं। ये स्कैल्प को नुकसान पहुंचाते हैं। अगर आप बारिश में भीग गए हैं, तो घर पहुंचकर साफ पानी से बालों को धो लें और अच्छी तरह सुखा लें।

गीले बालों में ना करें कंघी

गीले बाल सबसे ज्यादा कमजोर होते हैं। ऐसे में जोर-जोर से कंघी करने से बाल टूटने लगते हैं। पहले बालों को हल्का सूखने दें, फिर चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें।

हेयर ड्रायर का कम इस्तेमाल करें

बार-बार ड्रायर, स्ट्रेटनर या कर्लिंग मशीन का उपयोग बालों को और अधिक रूखा और कमजोर बना सकता है। मानसून में बालों को प्राकृतिक तरीके से सूखने देना बेहतर होता है।

तेल लगाना बिल्कुल न छोड़ें

कई लोग मानसून में चिपचिपाहट के डर से तेल लगाना बंद कर देते हैं। जबकि हल्के हाथों से नारियल या बादाम के तेल की मालिश तली में रक्त संचार बढ़ाती है और बालों को मजबूती देती है। ध्यान रखें कि तेल लगाने के बाद लंबे समय तक उसे बालों में छोड़कर नहीं रखना है।

सही रखें खान-पान

बालों की सेहत अच्छी डाइट से भी जुड़ी होती है। अपनी डाइट में प्रोटीन, आयरन, हरी सब्जियां, फल, दही और सूखे मेवे शामिल करें। पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है।

बालों को देर तक बांधकर न रखें

मानसून में गीले या नम बालों को कसकर बांधने से तली में बैक्टीरिया और फंगस पनप सकते हैं। कोशिश करें कि बाल पूरी तरह सूखने के बाद ही उन्हें बांधें।

कुल मिलाकर मानसून में बाल झड़ना सामान्य है। फिर भी जरूरत से ज्यादा हेयर फॉल तो नजरंदाज न करें। समय रहते सही देखभाल और विशेषज्ञ की सलाह लेने से बालों की सेहत को बेहतर बनाए रखा जा सकता है और गंजेपन की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article