रिश्ता खराब चल रहा हो, फिर भी उसे छोड़ना आसान नहीं होता। कभी साथ बिताए पांच साल याद आते हैं, कभी पुरानी अच्छी यादें और कभी यह सवाल कि इतना सब करने के बाद अब कैसे छोड़ दूं? यही सोच कई लोगों को ऐसे रिश्तों में भी बनाए रख सकती है, जहां खुशी से ज्यादा थकान मिलने लगी हो। दूसरी तरफ आज की Gen Z को लेकर अक्सर कहा जाता है कि वह ऐसी स्थिति में जल्दी ‘एग्जिट’ ले लेती है। लेकिन कहानी सिर्फ इतनी सीधी नहीं है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - क्यों डिस्काउंट देख फिसल जाता है मन, जानें क्या कहता है छूट का मनोविज्ञान
हर Millennial खराब रिश्ते में नहीं टिकता और हर Gen Z व्यक्ति तुरंत रिश्ता खत्म नहीं करता। फिर भी दोनों पीढ़ियों के बड़े होने के माहौल में फर्क ने रिश्तों को देखने का तरीका जरूर बदला है। पुरानी पीढ़ी में रिश्ते निभाने, समझौता करने और लंबे समय तक साथ रहने को ज्यादा महत्व दिया गया, जबकि आज अपनी सीमाओं, भावनात्मक सुख-शांति और आपसी तालमेल को लेकर खुलकर बात की जाती है।
Sunk Cost Fallacy आखिर है क्या?
मान लीजिए आपने किसी फिल्म का टिकट खरीद लिया और फिल्म बेहद खराब निकली। फिर भी आप सिर्फ इसलिए पूरी फिल्म देखते रहे क्योंकि टिकट के पैसे जा चुके हैं। यही sunk cost fallacy का आसान उदाहरण है।
रिश्तों में भी कुछ ऐसा ही हो सकता है। व्यक्ति सोचता है, मैंने इस रिश्ते में इतने साल दिए हैं, अब इसे खत्म किया तो सब बेकार हो जाएगा। समस्या यह है कि बीता हुआ समय वापस नहीं आता, चाहे रिश्ता जारी रखें या खत्म करें। इसलिए सिर्फ पुराने निवेश के आधार पर भविष्य का फैसला करना हमेशा सही नहीं होता।
Millennials के लिए ‘रिश्ता निभाना’ क्या था?
कई Millennials ऐसे दौर में बड़े हुए जब लंबे रिश्ते और शादी को जीवन की स्थिरता से जोड़ा जाता था। परिवार, समाज और आसपास के लोगों से अक्सर यह संदेश मिलता था कि रिश्ते में उतार-चढ़ाव आएं तो कोशिश करके उसे बचाना चाहिए।
इस वजह से कुछ लोग रिश्ते की मौजूदा परेशानी से ज्यादा उसके पुराने अच्छे दिनों को महत्व दे सकते हैं। इतने साल साथ रहे हैं, सब ठीक हो जाएगा या हर रिश्ते में दिक्कत होती है, ऐसी सोच किसी को लंबे समय तक रुकने के लिए प्रेरित कर सकती है।
Gen Z जल्दी आगे क्यों बढ़ती दिखती है?
Gen Z के पास रिश्तों की जानकारी और बातचीत के लिए पहले से कहीं ज्यादा डिजिटल दुनिया है। सोशल मीडिया और डिजिटल दुनिया ने रिश्तों के दायरों, रेड फ्लैग्स, इमोशनल नीड और आपसी तालमेल जैसे शब्दों को आम बातचीत का हिस्सा बना दिया है।
इसका मतलब यह नहीं कि Gen Z कमिटमेंट से भागती है। बल्कि कई युवा यह सवाल ज्यादा जल्दी पूछते हैं, क्या यह रिश्ता मेरे लिए सही है? अगर जवाब लगातार ‘नहीं’ आता है, तो वे इसे खत्म करने पर विचार कर सकते हैं।
हर बात पर ब्रेकअप ?
रिश्ते में पांच साल बिताने का मतलब यह नहीं कि अगले पांच साल भी उसी तरह बिताने चाहिए। लेकिन यह समझना भी जरूरी है कि, हर छोटी मोटी लड़ाई या असहमति पर रिश्ता तोड़ देना सही नहीं है। असल फर्क तब आता है जब परेशानी लगातार बनी रहे, सम्मान खत्म हो जाए, भरोसा टूटता रहे या व्यक्ति खुद को रिश्ते में लगातार असुरक्षित और दुखी महसूस करे।
कभी रिश्ता बचाने की कोशिश करना सही फैसला होता है और कभी उससे बाहर निकलना। समझदारी इस बात में है कि फैसला सिर्फ बीते हुए समय के डर से न लिया जाए। आखिर रिश्ते का सवाल यह नहीं कि “अब तक कितना दे चुके हैं”, बल्कि यह है कि “आगे क्या पाना चाहते हैं?”
