लाइफस्टाइल

ज्यादा पानी वाला नारियल कैसे पहचानें? खरीदने से पहले जान लें ये आसान टिप्स

नारियल खरीदते वक्त अक्सर ज्यादा पानी वाले नारियल की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में हम आपको कुछ सिंपल टिप्स देने जा रहे हैं, जो आपकी इस समस्या को तेजी से आसानी से हल कर सकते हैं।

Image

पानी वाले नारियल की पहचान कैसे करें

Fresh Coconut Buying Tips: गर्मी का मौसम आते ही ठंडे नारियल पानी की मांग बढ़ जाती है। सड़क किनारे ठेलों से लेकर बाजारों और सुपर मार्केट तक हरे-हरे नारियल नजर आने लगते हैं। लेकिन हर नारियल में पानी बराबर नहीं होता है। यही कारण है कि हर बार नारियल खरीदते वक्त हमारा पहला सवाह यही होता है कि नारियल पानी से भरा हुआ है या नही? कई बार बाहर से बड़ा और ताजा दिखने वाला नारियल खोलने पर आधा खाली निकलता है। ऐसे में सवाल उठता है कि ज्यादा पानी वाला नारियल (coconut water) कैसे पहचाना जाए? यदि आप भी अक्सर इसे लेकर कंफ्यूज होते हैं, तो कुछ आसान संकेतों से आप सही नारियल चुन सकते हैं।

बड़ा साइज देखकर न करें भूल

अक्सर लोग साइज में बड़ा नारियल देखकर उसे ज्यादा पानी वाला मान लेते हैं, लेकिन यह हमेशा सही होगा ऐसा जरूरी नहीं है। साइज में बहुत बड़े नारियल में गिरी ज्यादा और पानी कम भी हो सकता है। इसलिए हमेशा मध्यम आकार का हरा नारियल ही खरीदें। इसमें ज्यादा संभावना है कि ये पानी से भरा हुआ निकलेगा। इसलिए केवल साइज देखकर फैसला न करें।

वजन से करें पहचान

ज्यादा पानी वाले नारियल की सबसे आसान पहचान उसके वजन से हो सकती है। एक ही आकार के दो नारियल हों तो जो ज्यादा भारी लगे, उसमें पानी अधिक होने की संभावना रहती है। क्योंकि मलाई पानी की तुलना में हल्की होती है। नारियल का भारीपन इस बात का संकेत है कि अंदर पानी की मात्रा अच्छी है।

आवाज सुनकर पहचानें

नारियल को कान के पास लाकर हल्का हिलाएं। यदि अंदर से पानी की साफ आवाज सुनाई दे रही है, तो उसमें भरपूर पानी मौजूद है। लेकिन हिलाते समय आवाज बहुत ज्यादा खाली-खाली आए तो समझ लें कि इसमें पानी कम हो सकता है। पानी की आवाज की पहचान आप 2-4 बार खरीदकर आसानी से कर सकते हैं।

रंग से देखें ताजगी

नारियल की ताजगी की पहचान उसका हरा रंग माना जाता है। ताजा हरा नारियल आमतौर पर ज्यादा पानी वाला होता है। उसका बाहरी छिलका चमकदार और हरा दिखता है। इसके अलावा बहुत ज्यादा पीला, भूरा या सूखे छिलके वाला नारियल इस बात का संकेत हो सकता है कि ये पुराना हो चुका है। इस तरह के नारियल में पानी कम निकलने की संभावना ज्यादा है।

सख्ती और नरमी की पहचान करें

यदि आप नारियल को हाथ में लेकर उसकी सख्ती और नरमी की पहचान करते हैं, तो ज्यादा संभावना है कि आप पानी से भरा नारियल चुन सकते हैं। अगर नारियल का बाहरी छिलका बहुत सख्त और मोटा महसूस हो रहा है, तो संभव है कि उसमें पानी कम हो। वहीं बहुत नरम नारियल खराब भी हो सकता है। इसलिए हल्का दबाने पर सामान्य मजबूती वाला नारियल का चुनाव करना ही बेहतर होगा।

बाजार से पानी वाला नारियल चुनकर घर लाने के बाद भी ध्यान रखें कि इसे ज्यादा देर तक धूप में न रखें। गर्मी में रखने से पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इससे बेहतर है कि खरीदने के कुछ घंटों के भीतर ही नारियल पानी पी लिया जाए। इस तरह इन आसान टिप्स की मदद से अगली बार आप बाजार से ऐसा नारियल चुन पाएंगे जिसमें पानी भरपूर हो और स्वाद भी ताजा मिले।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article