लाइफस्टाइल

खाने से पहले आम को पानी में कितनी देर भिगोकर रखना चाहिए? जानें इसके पीछे की वजह और सही तरीका

अगर आप आम खाने का पूरा आनंद लेना चाहते हैं तो उसे सीधे फ्रिज से निकालकर खाने के बजाय पहले 30 मिनट से 1 घंटे तक पानी में भिगोएं, फिर अच्छी तरह धोकर खाएं।

Image

जानिए खाने से पहले पानी में क्यों भिगोते हैं आम (Photo: iStock)

इन गिनों बाजार में आम की बहार है। तरह तरह के मीठे आम मार्केट में मौजूद हैं। फलों का राजा कहा जाने वाला आम स्वाद के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर होता है। क्या आपने भी बड़े-बुजुर्गों को यह कहते सुना है कि आम खाने से पहले उसे कुछ देर पानी में जरूर भिगो देना चाहिए। अगर हाो तो यहां सवाल यह उठता है कि आखिर ऐसा क्यों किया जाता है और कितनी देर तक आम को पानी में रखना सही माना जाता है?

कितनी देर तक पानी में भिगोएं आम?

विशेषज्ञों के अनुसार आम को कम से कम 30 मिनट से लेकर 1 घंटे तक साफ पानी में भिगोकर रखना बेहतर माना जाता है। अगर समय हो तो 2 घंटे तक भी भिगोया जा सकता है। इससे आम की सतह पर मौजूद धूल, गंदगी और कुछ रासायनिक अवशेष हटने में मदद मिलती है।

क्यों भिगोना चाहिए आम?

आम की खेती के दौरान कई बार कीटनाशकों और रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि केवल पानी में भिगोने से सभी रसायन पूरी तरह नहीं निकलते, लेकिन सतह पर मौजूद काफी हद तक अवशेष कम हो सकते हैं। इसके अलावा लंबे समय तक भिगोने से फल अच्छी तरह साफ हो जाता है।

आयुर्वेद में यह भी माना जाता है कि आम को पानी में रखने से उसकी गर्म तासीर कुछ हद तक संतुलित हो सकती है। माना जाता है कि इससे शरीर में अत्यधिक गर्मी, मुंहासे या पेट से जुड़ी कुछ परेशानियों का जोखिम कम हो सकता है। हालांकि इस विषय पर वैज्ञानिक प्रमाण सीमित हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बाजार जैसे फ्रेंच फ्राइज बनाने की ट्रिक

दूधिया रस भी निकल जाता है

आम के डंठल से निकलने वाला सफेद दूधिया रस कुछ लोगों की त्वचा या पाचन तंत्र को परेशान कर सकता है। पानी में भिगोने से यह रस काफी हद तक निकल जाता है, जिससे फल खाना अधिक आरामदायक हो सकता है।

क्या सिर्फ भिगोना ही काफी है?

नहीं। पानी से निकालने के बाद आम को साफ बहते पानी से अच्छी तरह धोना भी जरूरी है। इसके बाद ही उसे काटकर या छीलकर खाना चाहिए। यदि संभव हो तो खाने से पहले उसके डंठल वाले हिस्से को थोड़ा काटकर अलग कर दें।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मारवाड़ी थाली में क्या-क्या होता है

क्या कटे हुए आम को भिगोना चाहिए?

नहीं। हमेशा साबुत आम को ही पानी में रखें। कटे हुए आम को भिगोने से उसका स्वाद और पोषण प्रभावित हो सकता है और उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा भी बढ़ सकता है।

तो अगर आप आम खाने का पूरा आनंद लेना चाहते हैं तो उसे सीधे फ्रिज से निकालकर खाने के बजाय पहले 30 मिनट से 1 घंटे तक पानी में भिगोएं, फिर अच्छी तरह धोकर खाएं। स्वाद के साथ थोड़ी-सी सावधानी आम खाने के आनंद को और भी बेहतर बना सकती है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article