लाइफस्टाइल

संडे को अपनाएं ये Reset Routine, पूरे सप्ताह नहीं होगा तनाव का असर

आजकल खुद को तनाव और थकान से दूर रख पाना बहुत मुश्किल है। ऐसे में हम आपको संडे का रीसेट रुटीन बताने जा रहे हैं, जिन्हे फॉलो कर आप पूरे सप्ताह थकान और तनाव को दूर रख सकते हैं।

Image

संडे का रीसेट रुटीन

Sunday Reset Routine: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सोमवार का नाम सुनते ही कई लोगों को तनाव महसूस होने लगता है। पिछले अधूरे काम, व्यस्त शेड्यूल और जिम्मेदारियों का दबाव सप्ताह की शुरुआत को भारी बना देता है। ऐसे में यदि रविवार को थोड़ा समय खुद के लिए निकालकर एक सही 'रीसेट रूटीन' अपनाया जाए, तो अगला पूरा वीक ज्यादा व्यवस्थित, ऊर्जावान और तनावमुक्त बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं कि संडे रीसेट रूटीन कैसे बनाएं और ये कैसे आपकी मदद करता है?

क्यों जरूरी है संडे रीसेट रूटीन

संडे यानी रविवार केवल आराम करने का दिन नहीं है, बल्कि आने वाले वीक की तैयारी का भी अवसर है। संडे को फॉलो किया गया रीसेट रुटीन आपके दिमाग को नई शुरुआत के लिए तैयार करता है और सप्ताह भर की भागदौड़ को आसान बनाता है। इससे काम का दबाव कम महसूस होता है और आप अधिक फोकस के साथ अपने लक्ष्यों पर काम कर पाते हैं।

डिजिटल डिटॉक्स जरूर करें

यदि आप अगले सप्ताह भरपूर काम करना चाहते हैं, तो रविवार की सुबह उठते ही मोबाइल और सोशल मीडिया चेक करने की आदत से बचें। दिन के पहले एक घंटे को स्क्रीन-फ्री रखें। इस दौरान हल्की स्ट्रेचिंग, मेडिटेशन या खुली हवा में टहलना बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे दिमाग शांत रहता है और दिन सकारात्मक ऊर्जा के साथ शुरू होता है।

घर के व्यवस्थित करें

जब हमारे आसपास अव्यवस्थित माहौल होता है, तो इसका असर मानसिक तनाव को बढ़ाता है। रविवार को कुछ समय निकालकर अपने कमरे, जरूरी दस्तावेजों को व्यवस्थित करें। साफ-सुथरा वातावरण न केवल प्रोडक्टिविटी बढ़ाता है बल्कि मन को भी सुकून देता है। यह छोटी-सी आदत पूरे सप्ताह आपको बेहतर महसूस करा सकती है।

प्री प्लानिंग करें

संडे को आप अपने अगले सप्ताह की प्लानिंग सेट कर लें। सप्ताह की शुरुआत से पहले अपने महत्वपूर्ण कार्यों की सूची तैयार करें। कौन-सा काम कब करना है, इसकी प्राथमिकता तय करें। इससे सोमवार को काम का दबाव अचानक महसूस नहीं होता और आप अधिक आत्मविश्वास के साथ सप्ताह की शुरुआत कर पाते हैं।

'मी टाइम' जरूर निकालें

पूरे सप्ताह जिम्मेदारियों में व्यस्त रहने के बाद रविवार को कुछ समय केवल अपने लिए जरूर रखें। इसे मी टाइम कहा जाता है, जो आपके लिए बहुत जरूरी होता है। इसमें आप किताब पढ़ना, संगीत सुनना, कोई पसंदीदा हॉबी करना या परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताना जैसे काम कर सकते हैं।

शानदार रहेगा अगला वीक

संडे रीसेट रूटीन कोई कठिन प्रक्रिया नहीं है, बल्कि छोटी-छोटी आदतों का ऐसा कॉम्बिनेशन है जो पूरे सप्ताह को बेहतर बना सकता है। याद रखें कि एक अच्छा सप्ताह हमेशा एक अच्छे रविवार से शुरू होता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article