लाइफस्टाइल

गणेश विसर्जन से पहले बनाएं बप्पा के फेवरेट मोदक, शेफ कुणाल कपूर ने बताई देसी उकडीचे मोदक की रेसिपी

गणेश चतुर्थी पर मोदक बप्पा को चढ़ाया जाने वाला खास भोग है। अगर इस बार बाजार से लाने के बजाय घर पर उकड़ीचे मोदक बनाना चाहते हैं, तो चावल के आटे, गुड़ और नारियल से यह आसान रेसिपी आजमा सकते हैं।

Image

Chef Kunal Kapur Ukadiche Modak Recipe in Hindi

Ganesh Visarjan 2026, Ukadiche Modak Recipe in Hindi: गणेश उत्सव में घर का माहौल भक्ति के साथ-साथ स्वाद की खुशबू से भी भर जाता है। पूजा की तैयारी हो, आरती की आवाज हो या रसोई में बनता कोई खास प्रसाद—इन सबमें अपनी अलग मिठास होती है। और जब बात भगवान गणेश के प्रिय भोग की हो, तो मोदक का नाम सबसे पहले याद आता है। खासकर महाराष्ट्र में बनाए जाने वाले उकड़ीचे मोदक अपनी नरम चावल के आटे की परत और गुड़-नारियल की मीठी भरावन के लिए पसंद किए जाते हैं।

इन्हें बनाना पहली नजर में थोड़ा मेहनत वाला काम लग सकता है, लेकिन सही तरीके से आटा तैयार हो जाए तो मोदक की खूबसूरत कलियां बनाना भी आसान हो जाता है। शेफ कुणाल कपूर ने उकड़ीचे मोदक बनाने का तरीका साझा किया है, जिसमें दूध-पानी से आटा तैयार करने से लेकर गुड़-नारियल का सारण बनाने और मोदक को भाप में पकाने तक की पूरी प्रोसेस स्टेप-बाय-स्टेप शामिल है। तो गणेश विसर्जन से पहले बप्पा के लिए घर पर कुछ खास बनाना है, तो यह रेसिपी काम आ सकती है।

पहले तैयार करें मोदक का आटा

सबसे पहले एक पैन में बराबर मात्रा में दूध और पानी लें। इसमें थोड़ा घी और एक चुटकी नमक डालकर उबाल आने दें। इसके बाद गैस बंद करके इसमें चावल का आटा डालें और अच्छी तरह मिलाएं।

मिश्रण को ढककर करीब 5 से 7 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे आटा नमी और भाप सोख लेगा। इसके बाद जब मिश्रण हल्का गर्म रह जाए, तो इसे हाथों से अच्छी तरह मसलकर चिकना आटा गूंध लें। जरूरत लगे तो हाथों पर थोड़ा घी लगा सकते हैं। तैयार आटे को गीले कपड़े से ढककर रखें।

गुड़-नारियल का मीठा सारण

अब बारी आती है मोदक की असली जान यानी भरावन की। एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें। इसमें चाहें तो थोड़ी खसखस डालकर हल्का भूनें। इसके बाद कसा हुआ ताजा नारियल डालकर कुछ देर गर्म करें।

अब इसमें गुड़, इलायची और थोड़ा जायफल पाउडर डालें। कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता भी मिलाएं। मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक गुड़ पिघलकर नारियल के साथ अच्छी तरह मिल न जाए। इसके बाद गैस बंद करके सारण को ठंडा होने दें।

ऐसे बनाएं मोदक

कुणाल कपूर के बताए तरीके के अनुसार, आटे की छोटी लोई लेकर उसे गोल करें और उंगलियों की मदद से कटोरी जैसा आकार दें। अब इसके किनारों पर धीरे-धीरे छोटी-छोटी कलियां बनाएं।

बीच में तैयार गुड़-नारियल का सारण भरें। इसके बाद सभी कलियों को ऊपर की तरफ लाकर मोदक को बंद करें। ऊपर का हिस्सा अच्छी तरह सील कर दें, ताकि भाप में पकते समय भरावन बाहर न निकले।

10-12 मिनट में हो जाएंगे तैयार

मोदक के निचले हिस्से को हल्का पानी लगाकर स्टीमर में रखें। इन्हें करीब 10 से 12 मिनट तक भाप में पकाएं। पकने के बाद गैस बंद कर दें और मोदक को थोड़ा ठंडा होने दें। परोसते समय ऊपर से थोड़ा देसी घी डाल सकते हैं। गणेश विसर्जन में इन्हें सबसे पहले भगवान गणेश को भोग लगाएं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article