लाइफस्टाइल

बिना तेल में तले बनाएं एकदम मुलायम दही वड़े, Nisha Madhulika की इस रेसिपी से मिलेगा बाजार जैसा चटपटा स्वाद

Non-Fried Dahi Vada: बिना तेल में तले एकदम सॉफ्ट दही वड़े कैसे बनाएं? दही भल्ला बनाने के लिए किन दालों का इस्तेमाल करें? जानें घर पर बाजार जैसे चटपटे दही वड़े बनाने का आसान तरीका क्या है और इनको मुलायम व स्वादिष्ट बनाने के लिए कौन-सी टिप्स अपनाएं।

Image

बिना तेल बनेंगे मुलायम दही वड़े, देखें निशा मधुलिका की रेसिपी

Non-Fried Dahi Vada: दही वड़ा या दही भल्ला का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। ऊपर से ठंडा और मलाईदार दही, मीठी इमली की चटनी, तीखी हरी चटनी और भुने जीरे का स्वाद। यह ऐसी चाट है जिसे खाने का मन किसी भी मौसम में कर सकता है। खासकर त्योहारों और घर की छोटी-बड़ी पार्टियों में दही वड़े खूब पसंद किए जाते हैं।

लेकिन कई लोग इन्हें घर पर बनाने से बचते हैं। वजह है वड़ों को तेल में तलने की लंबी प्रक्रिया। साथ ही, ज्यादा तली हुई चीजें खाने से परहेज करने वाले लोग भी इस चाट का स्वाद नहीं ले पाते। ऐसे में मशहूर कुकिंग एक्सपर्ट निशा मधुलिका की बिना तले दही वड़े बनाने की रेसिपी काम आ सकती है। इस तरीके में वड़ों को डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं पड़ती और सही तरीके से तैयार करने पर वे काफी मुलायम बनते हैं।

बिना तले दही वड़े बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए

इस रेसिपी में उड़द दाल और मूंग दाल का इस्तेमाल किया जाता है। दोनों दालों का मेल वड़ों को अच्छा स्वाद और बनावट देने में मदद करता है।

इसके लिए आपको चाहिए

  • आधा कप धुली उड़द दाल
  • आधा कप धुली मूंग दाल
  • बारीक कटा अदरक
  • बारीक कटी हरी मिर्च
  • एक चुटकी हींग
  • स्वादानुसार नमक
  • थोड़ा सा ईनो फ्रूट सॉल्ट
  • ताजा दही
  • पिसी हुई चीनी
  • भुना जीरा पाउडर
  • काला नमक
  • लाल मिर्च पाउडर
  • पुदीना पाउडर
  • चाट मसाला
  • हरी और मीठी चटनी

कैसे बनाएं एकदम सॉफ्ट दही वड़े

सबसे पहले उड़द और मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें। दाल फूल जाए तो उसका अतिरिक्त पानी निकाल दें। अब मिक्सर में दाल को कम से कम पानी डालकर पीस लें। ध्यान रखें कि इसका पेस्ट बहुत पतला नहीं होना चाहिए।

अब इस पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकालें। इसमें नमक, बारीक कटा अदरक, हरी मिर्च और हींग मिलाएं। वड़ों को मुलायम बनाने के लिए बैटर को अच्छी तरह फेंटना जरूरी है। यह स्टेप बिल्कुल न छोड़ें। बैटर जितना हल्का और फूला हुआ होगा, वड़ों की बनावट उतनी ही अच्छी होगी।

अब इसमें थोड़ा सा ईनो मिलाकर हल्के हाथों से चलाएं। इडली स्टैंड में हल्का तेल लगाकर तैयार बैटर को छोटी-छोटी गोल टिक्कियों के आकार में डालें। इन्हें भाप में पकाएं। इस तरह वड़े बिना डीप फ्राई किए तैयार हो जाएंगे।

दही वड़ों को चटपटा बनाने के लिए तैयार करें दही

दही वड़ों का असली स्वाद उसके ऊपर पड़ने वाली दही और मसालों की परत में छिपा होता है। इसके लिए ताजा दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें। इसमें थोड़ी पिसी चीनी, नमक और काला नमक मिलाएं।जब वड़े पक जाएं तो उन्हें हल्के गुनगुने नमक और हींग वाले पानी में कुछ देर रखें। इससे वे नरम हो जाएंगे। अब उन्हें हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त पानी निकाल दें।

एक प्लेट में वड़े रखें और ऊपर से भरपूर फेंटा हुआ दही डालें। इसके बाद हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च, पुदीना पाउडर और चाट मसाला डालें।

सॉफ्ट दही वड़े बनाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

दही वड़े बनाते समय कुछ छोटी गलतियां उनका पूरा स्वाद बिगाड़ सकती हैं-

  • दाल पीसते समय बहुत ज्यादा पानी न डालें।
  • बैटर को अच्छी तरह फेंटें। यही वड़ों को हल्का बनाने का सबसे जरूरी तरीका है।
  • ईनो हमेशा बैटर तैयार होने के बाद मिलाएं।
  • वड़ों को भाप में पकाते समय उन्हें बहुत बड़ा न बनाएं।
  • पानी में भिगोने के बाद उन्हें जोर से न दबाएं। इससे उनका आकार बिगड़ सकता है।
  • दही हमेशा ताजा और अच्छी तरह फेंटा हुआ इस्तेमाल करें।

इस तरह आप घर पर बिना डीप फ्राई किए स्वादिष्ट दही वड़े बना सकते हैं। त्योहार हो या मेहमानों के लिए कुछ खास बनाने का मन, यह रेसिपी पारंपरिक चाट का स्वाद लेने का एक अच्छा विकल्प है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article