Aaj ka Health Tips (28 January 2026): उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी के बीच खूब ठंड पड़ रही है। ऐसे में ठंडी हवाएं, गिरता तापमान और कोहरा - शरीर पर सीधा असर डालते हैं। इस मौसम में हाथ-पैर ठंडे रहना, त्वचा का रूखापन, एड़ियों का फटना और रात को ठीक से नींद न आना आम समस्याएं हैं। आयुर्वेद के अनुसार सर्दियों में वात दोष बढ़ जाता है, जिससे शरीर में जकड़न, थकान और बेचैनी महसूस हो सकती है। वहीं ठंडी हवा के चलते ऐसे समय में शरीर को भीतर से गर्माहट देने और मांसपेशियों को आराम पहुंचाने वाली आदतें अपनाना बेहद जरूरी हो जाता है।
एक उपाय देगा फायदा
रात को सोने से पहले पैरों के तलवों में तिल के तेल की मालिश सर्दियों में बेहद फायदेमंद मानी जाती है। तिल का तेल गर्म तासीर वाला होता है, जो शरीर की ठंडक को कम करता है और रक्त संचार को बेहतर बनाता है। इससे पैरों में सुन्नपन और ठंड की शिकायत दूर होती है। छाती की जकड़न और शरीर की अकड़न - दोनों में इससे आराम मिलता है।
आयुर्वेद में माना जाता है कि तलवों में मौजूद नाड़ियां पूरे शरीर से जुड़ी होती हैं। इन पर तेल से मालिश करने से तनाव कम होता है, नसों को आराम मिलता है और नींद की गुणवत्ता सुधरती है। नियमित मालिश से एड़ियां फटने से बचती हैं, त्वचा मुलायम रहती है और दिनभर की थकान दूर होती है।
तिल के तेल से कैसे करें पैरों की मसाज
इस आसान लेकिन असरदार आदत के लिए किसी विशेष तैयारी की जरूरत नहीं होती। सबसे पहले शुद्ध तिल का तेल लें और इसे हल्का गुनगुना कर लें। सोने से पहले पैरों को साफ करें। अब हथेली में थोड़ा सा तेल लेकर पहले तलवों पर लगाएं। अंगूठे की मदद से एड़ी से पंजों तक गोल-गोल घुमाते हुए मसाज करें। पंजों के बीच, पैरों के किनारों और एड़ी पर थोड़ा ज्यादा ध्यान दें। दोनों पैरों पर 5-5 मिनट तक मालिश करें। मसाज के बाद सूती मोजे पहन लें।
इस मसाज को करने का बेहतरीन समय रात को सोने से पहले का है। इससे तेल मालिश से मिली गर्माहट बॉडी में सील हो जाती है और छाती व शरीर को ठंड से आराम मिलता है।
पैरों की मसाज में किन बातों का रखें ध्यान
ध्यान रखें कि मालिश के लिए हमेशा शुद्ध और अच्छी गुणवत्ता वाला तिल का तेल ही इस्तेमाल करें। अगर पैरों में कोई कट, घाव या फंगल इंफेक्शन हो तो मसाज करने से बचें। पैरों में मालिश के दौरान बहुत ज्यादा दबाव न डालें। हल्के हाथों से की गई मालिश ही ज्यादा फायदा देती है। इसके अलावा सर्दी में ठंडा तेल लगाने से बचें और नियमित रूप से इस आदत को अपनाएं। तभी शरीर को इसका पूरा लाभ मिल पाएगा।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।
