लाइफस्टाइल

छठ पूजा स्पेशल ठेकुआ रेसिपी: गुड़ और गेहूं के आटे से बनाएं पारंपरिक खस्ता ठेकुआ, जानें बिष्टी होम किचन की आसान विधि

छठ पूजा पर बनाएं पारंपरिक गुड़ और गेहूं के आटे वाले खस्ता ठेकुआ। जानिए बिष्टी होम किचन की आसान रेसिपी, जिससे आप छठ पर आटा, गुड़, देसी घी से स्वादिष्ट महाप्रसाद बना सकते हैं। देखें ठेकुआ रेसिपी, ठेकुआ कैसे बनाएं।

Image

Thekua Recipe in Hindi

Chhath Puja 2026, Thekua Recipe: छठ पूजा का पर्व बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस पावन पर्व पर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए कई तरह के पारंपरिक पकवान और प्रसाद तैयार किए जाते हैं। इन्हीं में सबसे खास है ठेकुआ, जिसे छठ महापर्व का प्रमुख प्रसाद माना जाता है। गुड़, गेहूं के आटे, सौंफ और देसी घी से तैयार होने वाला ठेकुआ अपने खास स्वाद, खुशबू और कुरकुरेपन के लिए जाना जाता है।

इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि इसे पारंपरिक तरीके से बिना मैदा, चीनी और सूजी के बनाया जाता है। अगर आप भी इस छठ पूजा पर घर में शुद्ध और स्वादिष्ट ठेकुआ बनाना चाहते हैं, तो बिष्टी होम किचन की आसान रेसिपी आपके काम आ सकती है। ब्रिष्टी कुमारी ने अपने यूट्यूब वीडियो में छठ पूजा स्पेशल गेहूं के आटे और गुड से स्वादिष्ट ठेकुआ बनाने का पारंपरिक तरीका बताया है।

ठेकुआ बनाने के लिए सामग्री

गेहूं का दरदरा आटा – 500 ग्राम

गुड़ – 250 ग्राम

गुनगुना पानी – ¾ कप

सौंफ – 1 छोटी चम्मच

सूखा नारियल – आवश्यकतानुसार

देसी घी – 3 टेबलस्पून (मोयन के लिए)

तलने के लिए देसी घी – आवश्यकतानुसार

ठेकुआ बनाने की आसान विधि

1. सबसे पहले तैयार करें गुड़ का घोल

ठेकुआ बनाने के लिए सबसे पहले 250 ग्राम गुड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसमें ¾ कप गुनगुना पानी डालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। जब गुड़ अच्छी तरह घुल जाए, तो घोल को छान लें ताकि उसमें मौजूद अशुद्धियां निकल जाएं।

2. तैयार करें ठेकुआ का सख्त आटा

अब एक बड़े बर्तन में 500 ग्राम गेहूं का दरदरा आटा लें। इसमें क्रश की हुई सौंफ, कटा हुआ सूखा नारियल और 3 टेबलस्पून देसी घी डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद गुड़ का पानी थोड़ा-थोड़ा डालते हुए आटा गूंथें। ध्यान रखें कि आटा सख्त होना चाहिए। नरम आटा होने पर ठेकुआ तलते समय टूट सकते हैं।

3. पारंपरिक सांचे से दें सुंदर आकार

आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। अब पारंपरिक लकड़ी के ठेकुआ सांचे पर हल्का घी लगाकर लोई को दबाएं। इससे ठेकुआ पर सुंदर पारंपरिक डिजाइन बन जाएगा। इसकी मोटाई मध्यम रखें, ताकि यह अंदर तक अच्छी तरह पक सके।

4. धीमी आंच पर तलें ठेकुआ

कड़ाही में देसी घी गर्म करें। घी को बहुत ज्यादा गर्म न करें। अब तैयार ठेकुआ डालकर धीमी आंच पर तलें। शुरुआत में ठेकुआ नरम रहते हैं, इसलिए तुरंत पलटने से बचें। जब एक तरफ अच्छी तरह पक जाए, तब सावधानी से पलटें। दोनों तरफ से सुनहरा भूरा और कुरकुरा होने तक तलें।

ब्रिष्टी कुमारी के अनुसार, ठेकुआ बनाने में मोयन की मात्रा का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। 500 ग्राम आटे में 3 टेबलस्पून घी पर्याप्त है। ज्यादा घी डालने से ठेकुआ तलते समय टूट सकते हैं। इसके अलावा आटा सख्त गूंथना और धीमी आंच पर तलना बेहद जरूरी है। इस आसान रेसिपी से आप भी इस छठ घर पर स्वादिष्ट और पारंपरिक ठेकुआ तैयार कर सकते हैं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article