लाइफस्टाइल

Belonging: पहले बच्चे की मौत से घर में ग्रेनेड मिलने तक, सोनिया गांधी की किताब के 11 बड़े खुलासे

जवाहरलाल नेहरू की आत्मकथा डिस्कवरी ऑफ इंडिया के बाद आजाद भारत में नेहरू-गांधी परिवार के किसी सदस्य की यह पहली आत्मकथा है जिसमें परिवार और उसकी त्रासदियों के अलावा निजी जीवन और राजनैतिक सफर के ब्यौरे हैं ।

Image

सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित ऑटोबायोग्राफी Belonging: A journey of love मार्केट में आ गई है। (Photo: AICC)

Sonia Gandhi Autobiography: भारतीय राजनीति के केंद्र में दशकों तक रहने और अपनी निजी जिंदगी को हमेशा मीडिया की चकाचौंध से दूर रखने वाली कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की बहुप्रतीक्षित आत्मकथा 'बिलॉंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) आखिरकार पाठकों के सामने आ चुकी है। हार्पर कॉलिंस इंडिया द्वारा प्रकाशित इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन के उन पहलुओं को बेबाकी से रखा है, जो अब तक दुनिया की नजरों से छिपे हुए थे। नेहरू-गांधी परिवार में जवाहर लाल नेहरू के बाद सोनिया इकलौती ऐसी शख्स हैं जिन्होंने अपनी ऑटोबायोग्राफी लिखी है।

सोनिया गांधी के इस संस्मरण में पारिवारिक त्रासदियों, राजनीतिक असहमतियों, स्वास्थ्य से जुड़ी लड़ाइयों और देश के बदलते राजनीतिक परिदृश्य का बेहद अंतरंग और मार्मिक जिक्र मिलता है। आइए जानते हैं इस किताब के 11 सबसे बड़े और चौकाने वाले खुलासों के बारे में, जिनसे लोग आज तक अनजान थे:

पहले बच्चे को खोने का दर्द

किताब के सबसे संवेदनशील और भावुक हिस्सों में से एक वह है जिसमें सोनिया गांधी ने अपने पहले बच्चे को खोने का जिक्र किया है। समय से पहले जन्मे उनके पहले बच्चे की जन्म के तुरंत बाद ही मृत्यु हो गई थी। सोनिया ने उस बेहद दर्दनाक अनुभव को याद करते हुए लिखा है कि कैसे उन्होंने खुद अपने बच्चे के अंतिम संस्कार और दफनाने की प्रक्रिया पर जोर दिया था। यह एक ऐसा निजी आघात था, जिससे उन्होंने लंबे समय तक सार्वजनिक रूप से दूरी बनाए रखी थी।

जब इंदिरा गांधी के गुस्से से सहम जाती थीं सोनिया

नेहरू-गांधी परिवार में जब सोनिया नई बहू बनकर आई थीं, तब उनकी राह आसान नहीं थी। उन्होंने अपनी सास और तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी के गुस्से का जिक्र करते हुए लिखा है कि उनका गुस्सा कभी-कभार इतना तेज होता था कि स्टाफ के लोग भी कांप उठते थे। उन्होंने एक वाकया याद करते हुए बताया कि एक बार एक स्टाफ मेंबर द्वारा अपॉइंटमेंट की बात भूल जाने पर उसे कोने में खड़े रहने की सजा दी गई थी। सोनिया लिखती हैं, "जब तक मैं उन्हें अच्छी तरह समझ नहीं पाई, मैं अपनी सीट पर सहम जाती थी." हालांकि, राजीव गांधी उन्हें दिलासा देते थे कि मां का गुस्सा जल्द शांत हो जाएगा।

अपनी किताब के साथ सोनिया गांधी (Photo: AICC)

अपनी किताब के साथ सोनिया गांधी (Photo: AICC)

घर में मिले थे ग्रेनेड

साल 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में चलाए गए 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' के बाद के तनावपूर्ण माहौल का भी किताब में जिक्र है। सोनिया लिखती हैं कि उस संवेदनशील दौर में सुरक्षा को लेकर किस कदर डर और अनिश्चितता का माहौल था कि उनके घर के एक कमरे से ग्रेनेड बरामद हुए थे। उन्होंने यह भी साझा किया कि इस घटना और स्वर्ण मंदिर के अंदर हुई तबाही की तस्वीरें जब पहली बार तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को दिखाई गईं, तो उनकी आंखों से आंसू छलक आए थे।

इस विद्वान प्रोफेसर से समझा गीता का सार

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में संस्कृत के विद्वान वाचस्पति उपाध्याय शास्त्री का ज़िक्र किया है। लिखा है श्रीमदभागवत के सार को समझने के लिए उन्होंने उनकी मदद ली थी। यह बात 1990 के दशक के आख़िरी वर्षों की है। वाचस्पति जी तब लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में थे। हम दिल्ली विश्वविद्यालय वाले उनको डीयू में संस्कृत के विद्वान प्रोफ़ेसर के रूप में जानते रहे हैं। सोनिया गांधी ने लिखा है कि भगवद्गीता गीता पढ़ने के बाद उन्होंने उसके सार को ग्रहण किया और यह तय किया कि अब उनको कांग्रेस पार्टी की कमान सम्भाल लेनी चाहिए।

इंदिरा गांधी द्वारा लगाई गई 'आपातकाल' से परिवार में आई दरार

भारतीय इतिहास के सबसे विवादास्पद अध्यायों में से एक जून 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल का भी किताब में विस्तार से जिक्र किया गया है। उस 21 महीने के दौर में नागरिकों के मौलिक अधिकारों के हनन और प्रेस की पाबंदियों ने देश भर में डर का माहौल पैदा किया था। सोनिया गांधी ने खुलासा किया है कि इस राजनीतिक फैसले का असर सिर्फ संसद या देश तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने गांधी परिवार के भीतर भी तनाव और दूरियां पैदा कर दी थीं।

सत्ता के शिखर पर इंदिरा गांधी का अकेलापन

सत्ता और ताकत के शिखर पर रहने वाले राजनेताओं की मानसिक स्थिति पर बात करते हुए सोनिया ने 2012 में हिलेरी क्लिंटन के साथ हुई एक बातचीत का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि भारी भरकम अधिकार होने के बावजूद इंदिरा गांधी अकसर खुद को अकेला महसूस करती थीं। आपातकाल से ठीक पहले के महीनों में यह अकेलापन और अधिक गहरा गया था।

मौका मिलने के बाद भी क्यों नहीं बनीं प्रधानमंत्री

साल 2004 के आम चुनावों में कांग्रेस नीत यूपीए की जीत के बाद पार्टी और सहयोगी दलों ने सोनिया गांधी से प्रधानमंत्री बनने की गुजारिश की। हालांकि उन्होंने खुद प्रधानमंत्री बनने के बजाय डॉ. मनमोहन सिंह को पीएम बन दिया। सोनिया ने इस किताब में तस्फसील से बताया है कि राहुल और प्रियंका उनके प्रधानमंत्री बनने के सख्त खिलाफ थे।

सोनिया गांधी ने बताया है कि उनके दोनों बच्चों ने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या का दर्रद महसूस किया था। वो नहीं चाहते थें कि उनकी मां के साथ भी ऐसा ही कुछ हो। सोनिया ने भी बच्चों की भावना का सम्मान करते हुए खुद को पीएम की कुर्सी से दूर रखा और संगठन का काम देखती रहीं।

सोनिया गांधी की आत्मकथा - Belonging: A Journey Of Love

सोनिया गांधी की आत्मकथा - Belonging: A Journey Of Love

औपचारिकता मात्र है पीएम नरेंद्र मोदी संग सोनिया का रिश्ता

किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके रिश्तों और मुलाकातों का भी जिक्र है। सोनिया ने लिखा है कि वैचारिक और राजनीतिक रूप से धुर विरोधी होने के बावजूद पिछले एक दशक से अधिक समय में दोनों के बीच कोई सार्थक व्यक्तिगत बातचीत नहीं हुई है। उनकी मुलाकातें केवल आधिकारिक समारोहों में औपचारिक अभिवादन तक ही सीमित रही हैं। उन्होंने यह भी नोट किया कि ऐसे मौकों पर मोदी अक्सर नजरें चुरा लेते हैं या आंखें मिलाने से बचते हैं, हालांकि अस्पताल से लौटने के बाद उन्होंने एक बार उनकी सेहत जरूर पूछी थी।

इटली में ब्रेस्ट कैंसर के इलाज और संघर्ष

किताब का एक बेहद व्यक्तिगत और भावुक हिस्सा उनके ब्रेस्ट कैंसर के इलाज से जुड़ा है। सोनिया ने अपनी बेटी प्रियंका गांधी के साथ अस्पताल जाने और उस दौर के मानसिक तनाव को याद किया है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि मीडिया की चकाचौंध और भगदड़ से बचने के लिए उन्होंने अपनी इस बीमारी को सार्वजनिक नहीं किया था और सर्जरी के लिए प्रसिद्ध इतालवी सर्जन डॉ. उम्बर्टो वेरोनेसी के पास मिलान (इटली) गई थीं।

जब प्रणब मुखर्जी ने पीएम बनने की इच्छा जताई थी

साल 2010 की एक घटना को याद करते हुए सोनिया लिखती हैं कि एक बार पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उनसे चर्चा के दौरान कहा था कि अब शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है। सोनिया ने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी महत्वाकांक्षा के संकेत के रूप में समझा था। उन्होंने बातचीत का रुख बड़े ही शालीनता से बदल दिया था और प्रणब दा ने कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि उन्हें इस बात का कोई मलाल था।

राजनीतिक धोखे का जिक्र

साल 1999 में कांग्रेस द्वारा सरकार बनाने के असफल प्रयास के दौरान एक ऐसे नेता से हुए मोहभंग का भी जिक्र है, जिन पर सोनिया ने बहुत भरोसा किया था। हालांकि उन्होंने उस व्यक्ति का नाम नहीं लिया है, लेकिन उन्हें पूरी तरह से बेईमान बताते हुए यह संकेत दिया है कि सार्वजनिक जीवन के लंबे सफर में उन्हें किन-किन राजनीतिक अपनों के धोखों और असहमतियों का सामना करना पड़ा था।

कुल मिलाकर सोनिया गांधी की इस आत्मकथा में इटली में बिताए उनके बचपन से लेकर राजीव गांधी से मिलने , शादी, भारत आने, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं , राजनीति में प्रवेश, कॉंग्रेस की कमान सम्भालने और 2004 में प्रधानमंत्री का पद ठुकराने जैसी सारी चर्चित घटनाएं शामिल हैं। जवाहरलाल नेहरू की आत्मकथा डिस्कवरी ऑफ इंडिया के बाद आजाद भारत में नेहरू- गांधी खानदान के किसी सदस्य की यह पहली आत्मकथा है जिसमें परिवार और उसकी त्रासदियों के अलावा निजी जीवन और राजनैतिक सफर के ब्यौरे हैं ।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article