लाइफस्टाइल

जब भारत में तंदूरी चिकन से पड़ा सोनिया गांधी का पाला, पहली बार खाया तो ऐसी हो गई थी हालत

Belonging: A Journey of love सोनिया गांधी के जीवन के हर उस पहलू से पर्दा उठाती है, जिसे देश ने बहुत करीब से देखा है लेकिन जिसके पीछे की असली कहानी कोई नहीं जानता था।

Image

सोनिया गांधी की आत्मकथा पब्लिश होने के साथ ही चर्चा में है (Photo: AICC)

Sonia Gandhi Autobiography: जब एक विदेशी लड़की भारत की बहू बनी, तो उसके लिए यहां का रंग-ढंग, पहनावे का तरीका और तीखा चटपटा खाना अपनाना किसी रोमांचक सफर से कम नहीं था। कांग्रेस लीडर सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) इन दिनों सुर्खियों में है। इस किताब में उन्होंने अपनी जिंदगी के उन शुरुआती दिनों के मजेदार और दिलचस्प किस्से शेयर किए हैं, जब वे पूरी तरह विदेशी थीं और धीरे-धीरे 'हिंदुस्तान' उनके दिल में बसता चला गया।

जब तंदूरी चिकन ने लगा दी थी मुंह में आग!

प्यार की खातिर इटली से भारत आईं सोनिया गांधी के लिए यहां का खाना किसी अजूबे से कम नहीं था। जब उन्होंने पहली बार अपने होने वाले पति राजीव गांधी के साथ इंडियन फूड ट्राई किया, तो उनका पाला 'तंदूरी चिकन' से पड़ा। किताब के मुताबिक, वह गहरे लाल रंग का, हल्का भुना हुआ और मसालों से भरपूर था। जैसे ही सोनिया ने उसका पहला बाइट लिया, उनके मुंह में मानो आग सी लग गई। वह तीखापन उनके लिए बिल्कुल नया था।

लेकिन कहते हैं ना कि प्यार में इंसान सब सीख जाता है। धीरे-धीरे वह तीखे और चटपटे खानपान की ऐसी आदी हुईं कि फिर दाल, चावल, फुल्के, मटन और घर की बनी अरहर की दाल उनकी थाली की शान बन गई।

सास इंदिरा गांधी, पति राजीव और देवर संजय गांधी के साथ डाइनिंग टेबल पर सोनिया गांधी (Photo: HarpercollinsIN))

सास इंदिरा गांधी, पति राजीव और देवर संजय गांधी के साथ डाइनिंग टेबल पर सोनिया गांधी (Photo: HarpercollinsIN))

साड़ी संभालना किसी जंग जीतने से कम नहीं था

सोनिया गांधी मानती हैं कि साड़ी दुनिया का सबसे खूबसूरत और ग्रेसफुल पहनावा है, लेकिन एक विदेशी महिला के लिए इसे संभालना बहुत टेढ़ी खीर था। शुरुआत में उन्हें पल्लू संभालने और प्लेट्स जमाने के लिए दर्जनों सेफ्टी पिनों का सहारा लेना पड़ता था।

सोनिया गांधी ने लिखा है कि उनके लिए साड़ी के मायने बहुत खास थे। अपनी सगाई के दिन उन्होंने हल्के पीले और हरे रंग की साड़ी चुनी थी। अपनी शादी के दिन उन्होंने जो साड़ी पहनी थी, वह आम नहीं थी। उसे देश के पहले प्रधानमंत्री और उनके ससुर पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आजादी की लड़ाई के दौरान जेल में खुद अपने हाथों से काते गए सूत से बुनवाया था।

सोनिया और राजीव गांधी की शादी की तस्वीर

सोनिया और राजीव गांधी की शादी की तस्वीर

एक अजनबी देश कैसे बन गया अपना?

सोनिया गांधी की यह किताब सिर्फ खाने-पीने और कपड़ों तक सीमित नहीं है। यह एक ऐसी लड़की की कहानी है जो धीरे-धीरे इस देश की मिट्टी में रच-बस गई। सोनिया लिखती हैं कि कैसे कोई देश अचानक आपका अपना नहीं बनता। जो चीजें पहले बिल्कुल अजीब और अनजान लगती हैं, वे कब आपकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं, पता ही नहीं चलता।

कैंब्रिज के एक छोटे से रेस्टोरेंट में राजीव गांधी से पहली मुलाकात, इंदिरा गांधी का सख्त लेकिन ममता भरा साया, और हिंदी सीखने के संघर्ष..सोनिया ने हर पल को जिया है। हालांकि, इस सफर में खुशियों के साथ-साथ गहरे गम भी आए, जैसे संजय गांधी की दुर्घटना, इंदिरा गांधी की हत्या और फिर राजीव गांधी का जाना। इन झटकों ने उनकी दुनिया ही बदल दी।

इसके बावजूद, तमाम झिझक को तोड़कर राजनीति में आना, पूरे देश में घूमकर लोगों से जुड़ना और 2004 में चुनाव जीतने के बाद भी पीएम पद ठुकराकर जमीन से जुड़े रहना..यह किताब सोनिया गांधी के जीवन के हर उस पहलू से पर्दा उठाती है, जिसे देश ने बहुत करीब से देखा है लेकिन जिसके पीछे की असली कहानी कोई नहीं जानता था।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article