बॉलीवुड

Ramayana के नाम पर मचे बवाल के बीच राम गोपाल वर्मा ने रखी अपनी बात, नमित मल्होत्रा के समर्थन में कही ये बात

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 12, 2026, 12:48 PM IST

Ram Gopal Varma on Ramayana Title Controversy: रणबीर और यश की ‘रामायण’ के नाम को लेकर काफी चर्चा हो रही है। फिल्म के साथ मेकर का नाम लेने पर विवाद हो गया है। अब इसको लेकर राम गोपाल वर्मा ने...

Image

‘नमित मल्होत्रा की रामायण’ कहने से वाल्मीकि का नाम नहीं मिटता, फिल्म के नाम पर उठे विवाद में बोले राम गोपाल वर्मा (Image Source: IMDb/ Reddit)

Ram Gopal Varma on Ramayana Title Controversy: फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Varma) इन दिनों रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), साई पल्लवी (Sai Pallavi) और यश (Yash) की ‘रामायण’ (Ramayana) को लेकर लगातार अपनी राय रख रहे हैं। फिल्म रिलीज होने के बाद से ही इसकी कहानी, किरदारों और भव्यता पर चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग फिल्म को ‘नमित मल्होत्रा की रामायण’ कहे जाने पर सवाल उठा रहे हैं। उनका मानना है कि रामायण महर्षि वाल्मीकि (Valmiki) की रचना है और इसके साथ किसी निर्माता का नाम जोड़ना ठीक नहीं है। इस बहस के बीच राम गोपाल वर्मा ने अपनी बात रखी है। तो चलिए जानते हैं कि राम गोपाल वर्मा ने फिल्म रामायण को लेकर क्या कहा है।

'रामायण' के टाइटल विवाद पर राम गोपाल वर्मा ने दी प्रतिक्रिया

'रामायण' के टाइटल को लेकर चल रही बहस पर राम गोपाल वर्मा ने अपनी राय रखी है। उन्होंने लिखा, "रामायण की जबरदस्त सफलता को देखते हुए मुझे हैरानी नहीं होगी अगर वाल्मीकि से लेकर अब तक के सभी पुराने नाम भुला दिए जाएं और सिर्फ नमित मल्होत्रा का नाम ही याद रखा जाए। दरअसल, इसे नमित मल्होत्रा की 'रामायण' क्यों कहा जा रहा है, इस पर हो रहा हंगामा बेहद बेवकूफी भरा है। अगर इसका उल्टा हुआ होता, यानी हजारों साल पहले नमित मल्होत्रा नाम के किसी व्यक्ति ने मूल महाकाव्य लिखा होता और आज वाल्मीकि नाम का कोई शख्स उस पर फिल्म बनाता, तब भी यही लोग चिल्लाते। असल में, इसका मालिकाना हक किसका है, ये सवाल ध्यान भटकाने वाला भी है और बेबुनियाद भी। रामायण सदियों से इसलिए नहीं चली आ रही है कि इसमें असाधारण घटनाएं हैं। इसकी असली वजह ये है कि इसमें दिखाए गए मूल टकराव इंसानी जिंदगी से जुड़े हैं और हर दौर के लगभग हर परिवार में देखने को मिलते हैं। जलन रखने वाली पत्नियां, भाई-बहनों के बीच प्रतिद्वंद्विता, माता-पिता या किसी बड़े के प्रति आंख मूंदकर वफादारी, घर के भीतर होने वाले धोखे और अहंकार, रुतबे और खुद को साबित करने की चाहत से होने वाली बर्बादी। ये कोई पौराणिक घटनाएं नहीं हैं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा हैं। यही जुड़ाव लोगों को भावनात्मक रूप से इस कहानी से बांधे रखता है, न कि ये बात कि कोई उड़ सकता है या पहाड़ उठा सकता है।"

'फिल्म बनाने वाले का नाम जुड़ना गलत नहीं'

राम गोपाल वर्मा ने ये भी कहा कि "इंडिया में लोग संजय लीला भंसाली की 'देवदास' या भंसाली की 'पद्मावत' कहते हैं, जबकि इन फिल्मों की मूल कहानियां उनसे बहुत पुरानी हैं। फिल्म के साथ उस व्यक्ति का नाम जुड़ता है, जिसने पुरानी कहानी को एक खास अनुभव में बदला है। वो अनुभव एक खास समय, अपनी पसंद, तकनीक और सबसे जरूरी अपने नजरिए के साथ सामने आता है। हर कहानी की लगातार नई व्याख्या होती है और उसे नए तरीके से पर्दे पर पेश किया जाता है। इसलिए इसे नमित मल्होत्रा की 'रामायण' कहने से वाल्मीकि का महत्व कम नहीं होता। ये सिर्फ उस व्यक्ति को पहचान देना है, जिसने प्राचीन कहानी को लेकर उसे आज के समय में हम सभी के लिए एक फिल्म का रूप दिया है। साहित्य और सिनेमा में हर बड़े रूपांतरण के साथ ऐसा ही होता आया है। इस नाम को लेकर हो रहा हंगामा मूल कहानी के सम्मान से कम और इस बात को स्वीकार न कर पाने से ज्यादा जुड़ा है कि आज का एक जीवित व्यक्ति इस कहानी पर फिल्म बना रहा है।"

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article