लाइफस्टाइल

जिंदगी भर थैंक यू मम्मा बोलेगा आपका बच्चा, बस रील्स के दौर में सिखाएं रियल संस्कार, ये रही 3 अच्छी आदतें

Parenting Tips: बच्चों के सही विकास के लिए केवल किताबी ज्ञान नहीं बल्कि संस्कार और भावनात्मक विकास भी जरुरी है। खासतौर से अगर इन चीजों की नींव बचपन में ही रख दी जाए तो बच्चे का जीवन संवर सकता है। ऐसे में हर मां-बाप को अपने बच्चे को बचपन में ही ये 3 अच्छी आदतें सीखा देनी चाहिए।

Image

3 habits to teach kids at early age

Parenting Tips: हर माता-पिता की यही चाहत होती है कि उनका बच्चा न केवल पढ़ाई-लिखाई में बेहतर करे, बल्कि एक अच्छा इंसान भी बने। लेकिन अच्छे भविष्य की नींव बचपन से ही रखना जरूरी है। रिपोर्ट्स के अनुसार भी बच्चों के लिए किताबी ज्ञान के साथ साथ कुछ जरूरी अच्छी आदतें सीखना और संस्कारों का धनी होना आवश्यक है। खासतौर से अगर ये आदतें बचपन में ही बच्चे के रूटीन में शामिल कर दी जाए, तो जिंदगी भर के लिए एक अच्छी आदत का साथ रहेगा। हर माता पिता यहां पढ़ें ऐसी 3 आदतों के बारे में, जो आपको भी अपने बच्चे को बचपन में ही सीखा देनी चाहिए। इससे बच्चा बेशक आपको जिंदगी मेें आगे चलकर खूब धन्यवाद करेगा और बच्चे का जीवन सफल और संतुलित बना रहेगा।

अनुशासन और दिनचर्या का महत्व

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनुशासन सफलता की पहली सीढ़ी है। इस दौर में हालांकि अनुशासन और दिनचर्या का महत्व खोता जा रहा है। इसलिए बचपन से ही बच्चे को एक सही दिनचर्या में ढालना जरूरी है। जिसमें समय पर सोने-उठने से लेकर खेलना, पढ़ाई करना, परिवार के साथ समय बिताना सब कुछ शामिल हो। वहीं बच्चों को अनुशासन का भी महत्व बताना है, जिससे उन्हें हल्की फुल्की जिम्मेदारी का एहसास हो।

भावनात्मक समझ

शारीरिक विकास के साथ साथ बच्चों का मानसिक और भावनात्मक विकास भी बेहद जरूरी है। बच्चे को अपनी और दूसरों की भावनाओं को पहचानना और सम्मान देना सिखाएं। उसे बताएं कि गुस्सा, दुख या निराशा होना स्वाभाविक है, लेकिन इन भावनाओं को सही तरीके से कैसे व्यक्त करें। बच्चों को सॉरी या थैंक यू बोलना सिखाएं, दोनों ही चीजों को बोलने करने में बच्चों को झिझक नहीं होनी चाहिए। ये आदत बच्चे को भविष्य में बेहतर रिश्ते बनाने और अच्छा व्यक्तित्व गढ़ने में मदद करेगी।

धैर्य रखने का महत्व

इस डिजिटल दौर में बच्चों में लगातार धैर्य या प्रतीक्षा वाली भावना खत्म होती जा रही है। उन्हें जो भी चाहिए होता है तुरंत उनके सामने उपस्थित हो जाता है। ऐसा होने से बच्चों में धैर्य की भावना नहीं रहती है, और जीवन में धैर्य रखना बहुत ही ज्यादा जरूरी है। उन्हें ये सिखाना बेहद जरूरी है कि जीवन की सबसे अच्छी चीजें अक्सर इंतजार के बाद ही मिलती हैं। इसे आप छोटे-छोटे तरीकों से सिखा सकते हैं। जैसे अगर आपके बच्चे को कोई नया खिलौना चाहिए, तो उसे किसी विशेष दिन या उपलब्धि के लिए इंतजार करने को कहें। खाना परोसते समय सबका इंतजार करने की आदत डालें।

बच्चे जैसा देखते हैं वैसा ही करते हैं, ऐसे में बच्चों को अच्छी आदतें सीखाने से पहले। हर माता पिता को अपने रूटीन में भी इन आदतों को शामिल करना होगा। वहीं ये आदतें रातों रात नहीं आ जाएंगी। इन्हें आपको वक्त के साथ साथ बच्चे की दिनचर्या में शामिल करना है। बचपन में डाली गई यही छोटी-छोटी आदतें भविष्य में उनके व्यक्तित्व की मजबूत बुनियाद बनेंगी और उन्हें जीवन की हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार करेंगी।

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article