क्रिकेट

आईपीएल खेलने जैसा नहीं है इंग्लैंड में खेलना, मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भारतीय बैटर्स पर उठाए सवाल

यह आईपीएल में खेलने जैसा नहीं है। भारतीय टीम जितनी जल्दी इस बात को समझ ले, उतना ही अच्छा होगा। आईपीएल में खेलते समय आप लगभग हर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश करते हैं। लेकिन यहां ऐसा नहीं है क्योंकि गेंद स्विंग होती है, परिस्थितियां अलग हैं और विकेट में उछाल भी है।

Image

मोहम्मद अजहरुद्दीन (साभार-X)

भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में लगातार तीसरी हार के बाद 'मेन इन ब्लू' से इंग्लिश कंडीशन को जल्द से जल्द अपनाने का आग्रह किया है। एएनआई से बात करते हुए अजहरुद्दीन ने कहा कि खिलाड़ियों को यह समझना होगा कि इंग्लैंड में खेलना, फ्रेंचाइजी क्रिकेट की तुलना में अलग नजरिए की आवश्यकता होती है। टीम को असफलताओं से जल्दी सीखना होगा और अंतिम टी20 मैच में अपना रियल कैरेक्टर दिखाना होगा।

उन्होंने कहा 'इंग्लैंड बिल्कुल अलग है। यह आईपीएल में खेलने जैसा नहीं है। भारतीय टीम जितनी जल्दी इस बात को समझ ले, उतना ही अच्छा होगा। आईपीएल में खेलते समय आप लगभग हर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश करते हैं। लेकिन यहां ऐसा नहीं है क्योंकि गेंद स्विंग होती है, परिस्थितियां अलग हैं और विकेट में उछाल भी है।

इंग्लैंड के गेंदबाजों के पास खास रणनीति

अजहरुद्दीन ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा 'इंग्लैंड के गेंदबाजों ने हर भारतीय बल्लेबाज के खिलाफ खास रणनीति तैयार की है। इससे निपटने के लिए हमें कड़ी मेहनत करनी होगी। आयरलैंड के खिलाफ दो हार और फिर लगातार तीन हार, भारतीय टीम के लिए अच्छा संकेत नहीं है। मुझे उम्मीद है कि वे बहुत जल्दी सीखेंगे और कम से कम अगले मैच में अलग अंदाज में खेलेंगे।

नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में, भारत ने ब्रिस्टल में खेले गए चौथे टी20 मैच में नौ विकेट से करारी हार के बाद पांच मैचों की सीरीज गंवा दी।

इंग्लैंड से मिली इस हार से पहले भारत को आयरलैंड के हाथों 2-0 से सीरीज हार का सामना करना पड़ा था। यह आयरलैंड के खिलाफ भारत की पहली टी20 सीरीज हार थी।

हालांकि, ब्रिस्टल में अय्यर ने अकेले संघर्ष करते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाकर भारत को 158/7 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक के 35 गेंदों पर 79 रन और फिल सॉल्ट के 42 गेंदों पर 59 रन की बदौलत इंग्लैंड ने मात्र 13.5 ओवरों में लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने दो या दो से अधिक मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारत के खिलाफ पहली सीरीज अपने नाम की। शनिवार को खेले जाने वाले अंतिम टी20 मैच में अब टीम इंडिया अपनी प्रतिष्ठा बचाने की कोशिश करेगी। इसके बाद उसका ध्यान इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज पर रहेगा जो 14 जुलाई से शुरू हो रहा है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article