लाइफस्टाइल

बचे हुए चावल से बनाएं कुरकुरा नाश्ता, सिर्फ 15 मिनट में हो जाएगा तैयार

Rice Pakora Recipe: रात के खाने के बाद अगर थोड़ा-बहुत चावल रोजाना आपका बच जाता है तो ये आर्टिकल आपके काम आ सकता है। बासी चावल के पकोड़े की रेसिपी यहां बताई गई है जो हर किसी को पसंद आएगी।

Image

बचे हुए चावल से बनाएं कुरकुरा नाश्ता (फोटो: AI)

Rice Pakora Recipe: घर में अक्सर ऐसा होता है कि रात के खाने के बाद थोड़ा बहुत चावल बच ही जाता है। ज्यादातर लोग बचे हुए चावल को फेंक देते हैं और कुछ अगले दिन उसे गर्म करके खा लेते हैं। लेकिन, अब आपको बचे हुए चावल का क्या करना है इसको लेकर चिंता करने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है क्योंकि अगर आप चाहें तो इन्हीं बचे हुए चावलों से एक बेहद स्वादिष्ट और कुरकुरा नाश्ता तैयार कर सकते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि कैसे आप बासी चावल के पकोड़े बना सकते हैं जो स्वाद में तो लाजवाब होते ही हैं और उन्हें बनाना भी बेहद आसान होता है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि।

पकोड़े बनाने के लिए जरूरी सामग्री

2 कप बासी पके हुए चावल, 1 उबला हुआ आलू (मैश किया हुआ), 1 प्याज (बारीक कटा हुआ), 2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), 2 बड़े चम्मच बेसन, 2 बड़े चम्मच चावल का आटा, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, ½ छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, थोड़ा-सा गरम मसाला, बारीक कटा हरा धनिया, स्वादानुसार नमक और तलने के लिए तेल।

इस तरह तैयार करें पकोड़े का मिश्रण

बासी चावल को भगोने में डालकर हल्के हाथों से मैश कर लें। अब इसमें उबला हुआ आलू, प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसके बाद बेसन, चावल का आटा, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें। मिश्रण को ज्यादा गीला ना करें बस इतना पानी डालें कि उससे आसानी से छोटे-छोटे पकोड़े बनाए जा सकें।

पकोड़ों को ऐसे तलें कि बनें एकदम कुरकुरे

कढ़ाही में तेल मध्यम आंच पर गर्म करें। बहुत ज्यादा गर्म तेल में पकोड़े बाहर से तो जले हुए लगते हैं लेकिन, अंदर से कच्चे रह जाते हैं। अब तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे पकोड़े बनाकर धीरे-धीरे तेल में डालें। इन्हें सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। बीच-बीच में पलटते रहें ताकि चारों तरफ से बराबर पक जाएं। जब पकोड़े गोल्डन ब्राउन हो जाएं तो उन्हें निकालकर टिशू पेपर पर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।

स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स

कद्दूकस की हुई गाजर, शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न या थोड़ा-सा पनीर भी आप अतिरिक्त स्वाद के लिए मिश्रण में मिला सकते हैं। इससे स्वाद के साथ-साथ पोषण भी बढ़ जाएगा। अगर तेल से आप परहेज करते हैं तो फिर एयर फ्रायर या ओवन में भी इसे कुक कर सकते हैं। चाय के साथ परोसे गए ये कुरकुरे पकोड़े हर किसी का दिल जीत लेंगे।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article