Delhi Crime: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से दो ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन वारदातों में जहां एक तरफ सड़क पार कर रही महिला की जान चली गई, वहीं दूसरी तरफ आपसी रंजिश के चलते दो भाइयों पर जानलेवा हमला किया गया।
पहली दर्दनाक घटना दिल्ली के पश्चिम विहार क्षेत्र से सामने आई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह पश्चिम पुरी की रहने वाली संतोष नाम की महिला ज्वाला हेड़ी रेड लाइट के पास पैदल सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक बेहद तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस (Delhi Police) को सूचना दी गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर ताबड़तोड़ एक्शन, इस साल अब तक 48 लाख से ज्यादा कटे चालान; 2100 लोगों पर FIR दर्ज
पुलिस आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पानी के टैंकर को जब्त कर लिया है और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी वारदात दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर के हौज रानी में देखने को मिली। यहां बृहस्पतिवार की रात दो भाइयों पर अचानक बदमाशों के एक झुंड ने धावा बोल दिया। लाठियों, डंडों और धारदार चाकुओं से लैस इस समूह ने दोनों भाइयों को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में इस खूनी संघर्ष की वजह पुरानी दुश्मनी बताई जा रही है। इस हमले में दोनों भाइयों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
राहत की बात यह रही कि प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मालवीय नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
