शहर

20 रुपये का जुर्माना और स्कूल से TC जारी करने की धमकी;बेंगलुरु में 8वीं की छात्रा ने कर लिया सुसाइड

छात्रा के माता-पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने लड़की को ’अपमानित’ किया, जिससे मजबूर होकर उसने यह कदम उठाया। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Image

बेंगलुरु में 8वीं की छात्रा ने कर लिया सुसाइड (प्रतीकात्मक फोटो)

बेंगलुरु में एक सरकारी स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्रा ने शिक्षकों और स्कूल स्टाफ द्वारा कथित तौर पर ’डांटे जाने’ और ’अपमानित’ किए जाने के बाद खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार रात बेंगलुरु के बाहरी इलाके अनेकल तालुक के मारसूर मडिवाला गांव में छात्रा के घर पर हुई, लेकिन मामला बृहस्पतिवार सुबह तब सामने आया, जब परिवार के लोगों ने उसे अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया।

घटनास्थल से बरामद एक कथित सुसाइड नोट में छात्रा ने कहा कि स्कूल की एक घटना ने उसे ’बहुत प्रभावित’ किया है। कथित हस्तलिखित नोट में लिखा था, '(इस वजह से...) मैं बहुत अधिक मानसिक तनाव और दबाव में रही हूं। अब मुझमें जीने की ताकत या मानसिक शांति नहीं बची है। कृपया इसके लिए जिम्मेदार लोगों को ढूंढें और सुनिश्चित करें कि उन्हें सजा मिले।'

छात्रा के माता-पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन ने लड़की को ’अपमानित’ किया, जिससे मजबूर होकर उसने यह कदम उठाया। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि एक शिक्षक ने उसे ’अपमानित’ और ’प्रताड़ित’ किया था, और शिक्षक व स्कूल स्टाफ की शिकायत करने के लिए उसे डांटा भी गया था। छात्रा और उसकी कुछ सहपाठियों ने हाल ही में प्रधानाध्यापिका को एक शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। इस शिकायत में छात्राओं ने आरोप लगाया था कि उक्त शिक्षक सभी छात्रों के साथ बहुत बुरा बर्ताव करते हैं, छोटी-सी बात पर सजा देते हैं, 20 रुपये का जुर्माना लगाते हैं और उनसे कई बार 'मैं यह गलती दोबारा नहीं दोहराऊंगा/दोहराऊंगी' लिखवाते हैं।

पुलिस थाने में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज

सूर्य नगर पुलिस थाने में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद शिक्षा विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूल का दौरा कर छात्रों से पूछताछ की है। सार्वजनिक निर्देश के उप निदेशक जयप्रकाश के नेतृत्व में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की एक टीम ने स्कूल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कक्षा के भीतर छात्रों से, जिनमें मृतका की सहेलियां और सहपाठी शामिल थे, घटना से जुड़े विवरण जुटाने के लिए पूछताछ की।

पूरी घटना और उसके पीछे के कारणों को स्पष्ट किया गया हो

पत्रकारों से बातचीत में जयप्रकाश ने कहा कि उन्होंने प्रधानाध्यापिका और अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर स्थिति की समीक्षा की है। उन्होंने कहा, 'यह पता लगाने के लिए कि वास्तव में क्या हुआ था और इस घटना की वजह क्या थी, हमने पहले ही एक शिक्षक समिति और एक जांच समिति का गठन कर दिया है, और मैंने उनसे रिपोर्ट मांगी है।'उन्होंने कहा, 'ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित हमारे अधिकारियों ने भी स्कूल का दौरा किया है, और मैंने उन्हें एक रिपोर्ट सौंपने को कहा है, जिसमें पूरी घटना और उसके पीछे के कारणों को स्पष्ट किया गया हो।'

जांच के हिस्से के रूप में छात्रों से पूछताछ की जाएगी

अधिकारी ने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर यदि कोई भी दोषी पाया जाता है, तो वह इसे उच्च अधिकारियों को भेजेंगे, ताकि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके।उन्होंने कहा, 'ऐसे आरोप हैं कि यह घटना प्रधानाध्यापिका की वजह से हुई। इन आरोपों की भी जांच की जाएगी। जांच के हिस्से के रूप में छात्रों से पूछताछ की जाएगी।' उन्होंने यह बताया कि माता-पिता पहले ही पुलिस में शिकायत दर्ज करा चुके हैं, जो इस मामले की अलग से जांच कर रही है।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article