Hurricane Beryl: तूफान बेरिल ने दक्षिणी पूर्वी कैरेबियाई द्वीप समूह में भीषण तबाही मचाई है। इस तूफान के तेज होते स्तर ने मौसम विज्ञानियों की चिंता बढ़ा दी है। तूफान बेरिल अब कैटेगरी पांच में तब्दील हो चुका है। इस बीच, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) ने तूफान बेरिल की अंतरिक्ष से ली गई नई तस्वीर साझा की है।
तूफान बेरिल की नई तस्वीर को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर मौजूद एक अंतरिक्ष यात्री मैथ्यू डोमिनिक ने एक जुलाई को कैप्चर की। दरअसल, नासा अंतरिक्ष से लगातार तूफानों के बारे में स्टडी करता रहा है और विज्ञानी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि जलवायु परिवर्तन तूफानों को आखिर कैसे प्रभावित करता है।
कैसे बनता है तूफान
बकौल नासा, तूफान, टाइफून और चक्रवात सभी एक ही प्रकार के तूफान हैं और यह तमाम तूफान एक ही तरह से बनते हैं। जब समुद्र के ऊपर गर्म, नम हवा सतह के पास से ऊपर की ओर उठती है तो कम वायुदाब का क्षेत्र बनता है। ऐसे में उच्च वायुदाब वाले क्षेत्रों से हवा कम दबाव वाले क्षेत्रों की ओर जाती है। इस वजह से हवा गर्म और नम हो जाती है और ऊपर की ओर उठती है। हालांकि, जैसे-जैसे हवा ऊपर की ओर उठती है तो वह धीरे-धीरे ठंडी होती है और बादल बनाने लगती है।
बता दें कि समुद्र की गर्मी और सतह से वाष्पित होने वाले पानी से पोषित होकर बादलों और हवा की पूरी प्रणाली घूमती और आगे की ओर बढ़ती है। नासा की तस्वीर में दिखाई देने वाले तूफान का केंद्र बिंदु यानी उसकी आंख तेजी से घूमने की वजह से निर्मित हुई है।
अलग-अलग कैटगरी में बांटे जाते हैं तूफान
उष्णकटिबंधीय चक्रवातों को हवा की गति के आधार पर एक से लेकर पांच कैटेगरी में विभाजित किया जाता है। उदाहरण के लिए मान लीजिए अगर हवाएं 74-95 मील प्रति घंटे यानी 119-153 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं तो यह एक कैटेगरी का तूफान है। हालांकि, तस्वीर को कैप्चर किए जाने के समय तूफान बेरिल चार कैटेगरी में तब्दील हो चुका था और इस कैटेगरी में हवाएं 130-156 मील प्रति घंटे यानि 209-251 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हैं।
