Times Now Navbharat
live-tv
Premium

क्या होता है प्रकाश-दिवस? जिसे क्रॉस कर गया NASA का स्पेसक्राफ्ट वॉयजर-1, आज तक नहीं हुआ था ऐसा

प्रकाश-दिवस कोई ऐसी दूरी नहीं है जिसे कोई एक दिन में तय कर ले। यह वह दूरी है, जिसे तय करने में प्रकाश को 24 घंटे लगते हैं। वॉयजर-1 (Voyager 1) ने इसी दूरी तक पहुंचने में करीब पांच दशक लगाए हैं।

Image
क्या होता है प्रकाश-दिवस? जिसे क्रॉस कर गया NASA का स्पेसक्राफ्ट वॉयजर-1
Compiled by: शिशुपाल कुमार
Updated Nov 19, 2026, 13:30 IST
Follow on Google News

इंसान की बनाई एक मशीन ने एक ऐसी सीमा को पार कर लिया है, जहां आजतक कोई नहीं गया था। इंसान भले ही अभी सिर्फ चांद तक पहुंचा हो, मंगल पर जाने की तैयारी कर रहा हो, लेकिन इंसान की बनाइ एक वस्तु प्रकाश दिवस को क्रॉस कर गई है। नासा (NASA) का वॉयजर-1 (Voyager 1) वहां पहुंच गया है, जहां के बारे में अभीतक मनुष्यों को कोई खास जानकारी नहीं थी। वॉयजर-1 एक प्रकाश दिवस को पार कर गया है।वॉयजर-1 ने लगातार 49 साल चलते हुए इस खास पड़ाव को पार किया है और अभी भी आगे जा ही रहा है। अब सवाल ये है कि आखिर ये प्रकाश दिवस होता क्या है, इसका मतलब क्या है? वॉयजर-1 की यह उपलब्धि मनुष्यों के लिए कितनी बड़ी कामयाबी है? आइए इसे समझते हैं...!

प्रकाश दिवस होता क्या है?

सबसे पहले सीधा इसी सवाल पर आते हैं। आखिर ये प्रकाश दिवस है क्या? प्रकाश-दिवस का मतलब है- प्रकाश एक दिन में जितनी दूरी तय करता है, उसे एक प्रकाश-दिवस कहते हैं। यह सुनने में समय की इकाई लग सकती है, लेकिन वास्तव में इसका इस्तेमाल अंतरिक्ष में बहुत बड़ी दूरियां मापने के लिए किया जाता है। इसे आसान भाषा में समझिए। हम जानते हैं कि प्रकाश बहुत तेज गति से चलता है। निर्वात यानी खाली अंतरिक्ष में इसकी रफ्तार करीब 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड होती है। यानी प्रकाश एक सेकंड में पृथ्वी के करीब 7.5 चक्कर लगाने जितनी दूरी तय कर सकता है। अब सोचिए, अगर प्रकाश इसी रफ्तार से लगातार 24 घंटे तक चलता रहे, तो वह कितनी दूर पहुंचेगा? इसी दूरी को एक प्रकाश-दिवस कहा जाता है।

इसका मतलब यह हुआ कि अगर कोई चीज पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस दूर है, तो पृथ्वी से निकलने वाली रोशनी को वहां तक पहुंचने में 24 घंटे लगेंगे। इसी तरह वहां से भेजा गया प्रकाश या रेडियो सिग्नल पृथ्वी तक आने में भी करीब 24 घंटे लेगा।

लॉन्च से पहले इंजीनियर 'वॉयजर 1 गोल्डन रिकॉर्ड' के ऊपर लगे कवर को सुरक्षित रूप से बंद करते हुए (फोटो- NASA)

लॉन्च से पहले इंजीनियर 'वॉयजर 1 गोल्डन रिकॉर्ड' के ऊपर लगे कवर को सुरक्षित रूप से बंद करते हुए (फोटो- NASA)

यहां एक बात समझना जरूरी है कि प्रकाश-दिवस का संबंध दिन और रात से नहीं है। इसका मतलब यह नहीं है कि किसी ग्रह पर एक दिन कितने घंटे का होता है। नासा के अनुसार यह पूरी तरह से प्रकाश की गति और 24 घंटे के समय के आधार पर तय की गई दूरी है।

प्रकाश-दिवस की जरूरत क्यों पड़ी?

पृथ्वी पर हम किलोमीटर और मील में दूरी मापते हैं। लेकिन अंतरिक्ष में ग्रहों, तारों और दूसरी खगोलीय वस्तुओं के बीच की दूरी इतनी ज्यादा होती है कि सामान्य इकाइयों में उसे बताना मुश्किल हो जाता है। उदाहरण के लिए, पृथ्वी से सूर्य की औसत दूरी करीब 15 करोड़ किलोमीटर है। यह दूरी सुनने में बहुत ज्यादा लगती है, लेकिन प्रकाश सूर्य से पृथ्वी तक पहुंचने में सिर्फ 8 मिनट 20 सेकंड लेता है। इसलिए वैज्ञानिक कहते हैं कि सूर्य हमसे करीब 8.3 प्रकाश-मिनट दूर है। इसी तरह चंद्रमा से पृथ्वी की औसत दूरी करीब 3.84 लाख किलोमीटर है। प्रकाश को यह दूरी तय करने में लगभग 1.3 सेकंड लगते हैं। इसलिए अंतरिक्ष में दूरी को समझाने के लिए वैज्ञानिक अक्सर यह बताते हैं कि प्रकाश को किसी जगह तक पहुंचने में कितने सेकंड, मिनट, घंटे, दिन या साल लगेंगे।

पृथ्वी से कितना दूर पहुंचा वॉयजर-1?

अभी वॉयजर-1 पृथ्वी से 26 अरब किलोमीटर से अधिक दूर है और वो लगातार करीब 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है। नासा की गणना के मुताबिक, वॉयजर-1 ने 18 नवंबर 2026 को यह दूरी पार की। इसकी दूरी को आप इस तरह से भी समझ सकते हैं कि अगर अभी वॉयजर-1 से बात करने की कोशिश की जाए तो दो दिन लग जाएंगे, उस सवाल को वॉयजर-1 तक पहुंचने में और जवाब आने में। मतलब अगर पृथ्वी से आज वॉयजर-1 को कोई रेडियो संदेश भेजा जाए, तो उसे वहां पहुंचने में करीब 24 घंटे लगेंगे। और उसका जवाब वापस आने में करीब 24 घंटे। यानी एक सवाल पूछने और जवाब पाने में लगभग दो दिन। दूरी के साथ-साथ समय का यह दायरा और बढ़ते जाएगा।

इंसानों के लिए कितनी बड़ी उपलब्धि?

वॉयजर-1 का एक प्रकाश-दिवस की दूरी पार करना इंसान की वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता का असाधारण उदाहरण है। इसकी सबसे बड़ी खासियत सिर्फ यह नहीं कि इंसान का बनाया यान पृथ्वी से करीब 25.9 अरब किलोमीटर दूर पहुंच गया है, बल्कि यह है कि लगभग पांच दशक पहले बनाई गई तकनीक आज भी अंतरिक्ष के बेहद दूरस्थ इलाके से डेटा भेज रही है। वॉयजर-1 को 5 सितंबर 1977 को लॉन्च किया गया था। उस समय आज की तरह आधुनिक कंप्यूटर, स्मार्टफोन और उन्नत डिजिटल तकनीक नहीं थी। इसके बावजूद करीब पांच दशक बाद भी यह अंतरिक्ष में अपनी यात्रा जारी रखे हुए है। इस मिशन ने साबित किया है कि सही इंजीनियरिंग और वैज्ञानिक योजना के दम पर इंसान ऐसी मशीन बना सकता है, जो दशकों तक बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कर सके। कैलिफोर्निया के पासाडेना स्थित नासा के जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में वॉयजर मिशन के प्रबंधक करीम बदरुद्दीन ने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ और संभव है कि भविष्य में भी ऐसा दोबारा न हो। उन्होंने इसे असाधारण उपलब्धि बताया।

सितंबर 1977 में लॉन्च हुआ था NASA का स्पेसक्राफ्ट वॉयजर-1 (फोटो- NASA)

सितंबर 1977 में लॉन्च हुआ था NASA का स्पेसक्राफ्ट वॉयजर-1 (फोटो- NASA)

कहां जाकर रुकेगा वॉयजर-1?

वॉयजर-1 कहीं जाकर रुकने वाला नहीं है। इसका कोई तय मंजिल या ऐसा ग्रह नहीं है, जहां पहुंचकर यह अपना सफर खत्म करेगा। यह अंतरिक्ष में लगातार आगे बढ़ता रहेगा, जब तक इसकी गति और दिशा को प्रभावित करने वाली कोई बड़ी बाहरी घटना नहीं होती सितंबर 1977 में प्रक्षेपित वॉयजर-1 और इसके जुड़वां अंतरिक्ष यान वॉयजर-2 को मूल रूप से केवल पांच साल के अभियान के लिए तैयार किया गया था। इनका उद्देश्य बृहस्पति और शनि ग्रहों का अध्ययन करना था। हालांकि, दोनों यान अनुमानित अवधि से करीब 10 गुना अधिक समय तक काम कर चुके हैं। दोनों अंतरिक्ष यान अब अंतरतारकीय अंतरिक्ष का अध्ययन कर रहे हैं। वॉयजर-1 ने 2012 में और वॉयजर-2 ने 2018 में सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र से निर्मित विशाल सुरक्षात्मक क्षेत्र ’हेलियोस्फीयर’ को पार कर लिया था। वॉयजर-1 करीब 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंतरिक्ष में आगे बढ़ रहा है। उसका लक्ष्य ग्लाइज़ 445 नामक तारा है, जो पृथ्वी से 17 प्रकाश-वर्ष से अधिक दूर है। अनुमान है कि करीब 40,000 साल बाद यह यान इस तारे से लगभग 1.7 प्रकाश-वर्ष की दूरी से गुजरेगा। सबसे रोमांचक बात यह है कि जब वॉयजर-1 का पृथ्वी से संपर्क हमेशा के लिए टूट जाएगा, तब भी उसकी यात्रा खत्म नहीं होगी।

वॉयजर-1 के एक प्रकाश-दिवस की दूरी पार करने से अंतरिक्ष में अचानक कोई नई सीमा नहीं बन गई और न ही यान के भीतर कुछ बदला। लेकिन यह उपलब्धि बताती है कि इंसान की जिज्ञासा, विज्ञान और तकनीक उसे कितनी दूर तक ले जा सकते हैं। करीब पांच दशक पहले पृथ्वी से निकला एक छोटा-सा अंतरिक्ष यान आज भी मानव सभ्यता का सबसे दूर तक पहुंचा दूत बना हुआ है।

End of Article