क्रमिक विकास कहिए या उद्विकास या इवॉल्यूशन, जबसे डार्विन ने इसकी डोर को सुलझाने का सिरा पकड़ा उसके बाद से ही अबतक इससे जुड़े काम होते रहे और नए तथ्य भी लगातार सामने आते रहते हैं। आश्चर्य तो सबसे अधिक तब हुआ, जब हमें पता चला कि इंसानों की उत्पत्ति अफ्रीका महाद्वीप में हुई। इस बात पर ठप्पा लगा एक बच्चे की फॉसिल से, इस बात के अब पुख्ता सबूत थे कि जिसे हम उलझी डोर समझकर सुलझाने की कोशिश कर रहे थे, उसमें एक डोरी से कई सिरे उलझे हुए हैं। इस बच्चे का फॉसिल तकरीबन सौ साल पहले हमारे हाथ आया था जिसका नाम रखा गया टाउंग चाइल्ड (Taung Child)। ये फॉसिल एक हमारे ही पूर्वज ऑस्ट्रेलोपिथेकस अफ्रिकैनस प्रजाति की खोपड़ी है। तब तो इस खोपड़ी ने हमारी सोच बदल दी लेकिन एक सदी बाद भी साइंटिस्ट्स को पता चला है कि इस मशहूर फॉसिल में अभी भी हैरान करने वाली बातें हैं। नेचर में छपी एक नई स्टडी के मुताबिक, इससे पता चलता है कि दक्षिणी अफ्रीका में इंसानों का फैमिली ट्री हमारी मान्यता से भी कहीं ज्यादा जटिल था। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि यह नई खोज इंसानों के इवॉल्यूशन के बारे में क्या नया बताती है।
क्या है 'टाउंग चाइल्ड' और क्यों ऐतिहासिक है यह जीवाश्म?
सन् 1924 में दक्षिण अफ्रीका में एक 3-4 साल के प्राचीन बच्चे की खोपड़ी और दांतों का जीवाश्म यानी फॉसिल मिला था, जिसे विज्ञान की दुनिया में 'टाउंग चाइल्ड' कहा गया। इसी खोज ने दुनिया को पहली बार यह ठोस वैज्ञानिक सबूत दिया था कि इंसानों की उत्पत्ति यूरोप या एशिया में नहीं, बल्कि अफ्रीका महाद्वीप में हुई थी। इस जीवाश्म के आधार पर वैज्ञानिकों ने इंसानों के शुरुआती पूर्वजों की एक प्रजाति का नाम रखा, 'ऑस्ट्रेलोपिथेकस अफ़्रीकानस' (Australopithecus africanus)। पिछले 100 सालों से वैज्ञानिक यही मानते आ रहे थे कि उस दौर में अफ्रीका में मिलने वाले सभी मिलते-जुलते जीवाश्म इसी एक प्रजाति (Australopithecus africanus) के थे। लेकिन एक नए शोध ने इस पूरी सोच को ही बदल दिया है।
टाउंग चाइल्ड जीवाश्म की AI जेनेरेटेड तस्वीर
100 साल पुराना भ्रम टूटा
'व्रीजे यूनिवर्सिटी ब्रसेल्स' (VUB) की प्रोफेसर गेब्रिएल माचो के नेतृत्व में हुए इस शोध में आधुनिक तकनीकों से टाउंग चाइल्ड के दांतों की बनावट, उनके विकसित होने की रफ्तार और दिमाग के विकास के पैटर्न का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में पता चला कि यह जीवाश्म 29.6 लाख से 30.3 लाख साल पुराना है। सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि जिन अन्य वयस्क जीवाश्मों को सालों से इसी प्रजाति का हिस्सा माना जा रहा था, उनके दिमाग और दांतों के विकास का पैटर्न टाउंग चाइल्ड से बिल्कुल अलग था। प्रोफेसर गेब्रिएल माचो का कहना है कि 100 से अधिक वर्षों से हम यही मान रहे थे कि टाउंग चाइल्ड उस दौर के कई समान जीवाश्मों में से एक था। हमारी नई खोज ने इसे पूरी तरह उलट दिया है। टाउंग चाइल्ड दरअसल 'ऑस्ट्रेलोपिथेकस अफ़्रीकानस' का इकलौता Type Specimen है। बाकी के जीवाश्म संभवतः अलग-अलग मानव प्रजातियों या Distinct Hominin Species के थे, जो उसी क्षेत्र में एक साथ या अलग-अलग समय पर रहते थे।" आपके लिए साफ करते चलें कि होमिनिन (Hominin) इंसानी परिवार के उन सभी सदस्यों के लिए इस्तेमाल होने वाला वैज्ञानिक शब्द है, जो चिंपैंजी जैसे पूर्वजों से अलग होने के बाद दो पैरों पर चलना शुरू कर चुके थे। इसमें हम (Homo Sapiens) और हमारे सभी विलुप्त हो चुके प्राचीन पूर्वज शामिल हैं।
जलवायु परिवर्तन का इंसानी इवॉल्यूशन में हाथ
अब सवाल उठता है कि एक ही इलाके में इतनी अलग-अलग मानव प्रजातियां कैसे पैदा हुईं और वे आपस में कैसे घुली-मिलीं? इसका जवाब छुपा है जलवायु परिवर्तन में। आज से 30 लाख साल पहले दक्षिण अफ्रीका की जलवायु में बार-बार बहुत बड़े बदलाव आते थे। कभी वहां सदियों तक भीषण सूखा पड़ता था, तो कभी मूसलाधार बारिश होती थी। जब मौसम शुष्क (सूखा) होता था, तो घने जंगल सिमटकर छोटे-छोटे हिस्सों में बंट जाते थे। प्राचीन होमिनिन के समूह इन अलग-अलग द्वीपों जैसे जंगलों में फंस गए। दूर रहने और अलग-अलग परिस्थितियों, जैसे अलग शिकारियों और बीमारियों से जूझने के कारण वे अलग-अलग इवॉल्यूशन की राह पकड़े निकल पड़े। जब सैकड़ों या हजारों साल बाद दोबारा मौसम नमी वाला होता था, तो जंगल फिर फैलते थे। अलग हो चुकी ये प्रजातियां दोबारा एक-दूसरे के संपर्क में आती थीं और आपस में प्रजनन करती थीं।
दक्षिण अफ्रीका का यह क्षेत्र उष्णकटिबंधीय (Tropical) और समशीतोष्ण (Temperate) इकोलॉजी वाली सीमा पर स्थित था, जिसने इस 'मिलन और अलगाव' के चक्र को और तेज कर दिया।
बदलते जलवायु का पड़ा इवॉल्यूशन पर असर
30 लाख साल पहले हरा-भरा और घना जंगल था दक्षिण अफ्रीका
इस अध्ययन ने उस दौर के पर्यावरण को लेकर भी एक बेहद खूबसूरत तस्वीर साफ की है। जीवाश्मों में फंसे प्राचीन परागकणों (Pollen Grains) की जांच से पता चला कि टाउंग चाइल्ड के समय दक्षिण अफ्रीका वैसा सूखा और झाड़ियों वाला इलाका नहीं था जैसा वह आज दिखाई देता है। उसन दौरान वहां घने, नमी वाले और विशाल पेड़-पौधों के जंगल फैले हुए थे। शोधकर्ताओं को ऐसे वृक्षों के जीवाश्म अवशेष मिले हैं जो आज उस स्थान से सैकड़ों किलोमीटर दूर उत्तर-पूर्व के घने वर्षावनों में पाए जाते हैं।
हम इंसानों के वजूद का नया अर्थ
यह खोज हमें सिखाती है कि इंसानी विकास कोई सीधी दौड़ नहीं थी, जिसमें एक रेसर दूसरे को बैटन पकड़ाता चला गया और अंत में 'आधुनिक इंसान' बन गया। इसके विपरीत, हमारा इतिहास एक बहती हुई नदी की तरह था जो कई धाराओं में बंटी, पत्थरों से टकराई, अलग-अलग दिशाओं में बही और फिर कई धाराएं आपस में मिलकर एक बड़ी नदी बनीं। 100 साल बाद भी 'टाउंग चाइल्ड' का यह छोटा सा कंकाल हमें यही याद दिला रहा है कि हमारी अपनी प्रजाति 'होमो' का उदय होने से पहले, यह धरती हमारे जाने कितने तरह के पूर्वजों की एक बेहद जटिल, विविधता से भरी फिर भी आपस में जुड़ी हुई अद्भुत दुनिया थी।
