देश

'जरूरत के समय किसी के साथ खड़े रहना...', मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पिता को याद कर भावुक हुए अखिलेश

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अखिलेश यादव ने पिता से मिली सीख याद की। डिंपल यादव, योगी आदित्यनाथ और बीजेपी नेताओं ने भी नेताजी को श्रद्धांजलि दी।

Image

मुलायम सिंह की जयंती पर अखिलेश यादव उनकी दी हुई सीख को याद कर हुए भावुक (X/@yadavakhilesh)

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) की जयंती पर रविवार को उनके बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर अखिलेश ने अपने पिता से मिली सीख और उनके विचारों को याद किया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने उन्हें सिखाया था कि जरूरत के समय किसी के साथ खड़ा होना चाहिए और मदद मांगने वाले की यथासंभव सहायता करनी चाहिए।

अखिलेश ने पिता से मिली सीख को किया याद

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयक कर अपने पिता को याद किया। उन्होंने लिखा कि नेताजी की जयंती पर उन्हें गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेते हैं। अखिलेश के मुताबिक, उनके पिता की सबसे बड़ी सीख यही थी कि मुश्किल वक्त में लोगों का साथ देना चाहिए। उन्होंने आगे लिखा कि नेताजी ने यह भी सिखाया था कि कोई व्यक्ति किसी वजह या दबाव में आपके खिलाफ हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह हमेशा बुरा है। अगर कोई व्यक्ति ईमानदारी और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने की पहल करता है, तो उसकी ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाने में संकोच नहीं करना चाहिए।

डिंपल यादव ने भी दी श्रद्धांजलि

अखिलेश यादव की पत्नी और समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) ने भी मुलायम सिंह यादव को उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने उन्हें पार्टी का संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश का पूर्व मुख्यमंत्री और अपना मार्गदर्शक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

1939 में हुआ था जन्म, तीन बार बने यूपी के मुख्यमंत्री

मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा में हुआ था। उन्होंने साल 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। उन्हें राजनीति में 'नेताजी' के नाम से जाना जाता था। वह 10 बार उत्तर प्रदेश विधानसभा और 7 बार लोकसभा के सदस्य चुने गए। इसके अलावा उन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। मुलायम सिंह यादव ने 2019 के लोकसभा चुनाव में मैनपुरी सीट से जीत हासिल की थी। 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था। देश और समाज के लिए उनके योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

योगी आदित्यनाथ ने भी किया याद

मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व रक्षा मंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित मुलायम सिंह यादव को नमन किया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी मुलायम सिंह यादव को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस तरह अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने नेताजी को याद किया और उनके राजनीतिक योगदान को नमन किया।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article