नॉलेज

रंगीन तूफान और नीली रोशनी से जगमगाया सबसे बड़ा ग्रह, देखें NASA की मनमोहक तस्वीर

Auroras in Jupiter: सोलर सिस्टम के सबसे बड़े ग्रह पर चमकदार बैंगनी रंग की रोशनी ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने जुपिटर ग्रह पर ऑरोरा की एक पुरानी तस्वीर को साझा किया है। बता दें कि जुपिटर ग्रह रंगीन तूफानों के लिए जाना जाता है।

Image

जुपिटर ग्रह (फोटो: NASA)

KEY HIGHLIGHTS
  • अंतरिक्ष प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर देगी जुपिटर की यह तस्वीर
  • जुपिटर ग्रह पर ऑरोरा लाइट्स की तस्वीर हुई कैप्चर

Auroras in Jupiter: विज्ञानियों की सोच से भी परे ब्रह्मांड में कई वस्तुएं मौजूद हैं, जिनके बारे में जानकारी जुटाने की कवायद लगातार जारी है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ब्रह्मांड की नई हलचलों और पुराने रहस्यों पर लगातार स्टडी करता रहता है। हाल ही में नासा ने हमारे सोलर सिस्टम के सबसे बड़े ग्रह की ऑरोरा का मनमोहक दृश्य अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया।

नासा हबल स्पेस टेलीस्कोप ने आठ साल पहले जुपिटर ग्रह के वायुमंडल में आश्चर्यजनक एक प्रकाश शो देखा था। खगोलविदों ने हाल ही में साझा की गई तस्वीर को कैप्चर करने के लिए 30 जून, 2016 को हबल की पराबैंगनी क्षमताओं का इस्तेमाल किया था। इस तस्वीर को नासा ने यूरोपीय स्पेस एजेंसी और लीसेस्टर विश्वविद्यालय के जे. निकोल्स की मदद से कैप्चर की गई।

रंगीन तूफानों वाला ग्रह है जुपिटर

बकौल नासा, जुपिटर ग्रह रंगीन तूफानों के लिए जाना जाता है। नासा की तस्वीर में जुपिटर ग्रह एकदम स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इस ग्रह पर गैस के घूमते हुए बादल देखे जा सकते हैं और इसके निचले हिस्से में एक लाल धब्बा काफी लुहावना लगा रहा है। इस धब्बे को ग्रेट रेड स्पॉट के नाम से जाना जाता है।

कैसे बनती है ऑरोरा

जुपिटर ग्रह के उत्तरी हिस्से में चमकीली बैंगनी ऑरोरा दिखाई दे रहा है, पर ऑरोरा बनती कैसे हैं? यह सवाल अक्सर आप लोगों के ज़हन में आता होगा। हाल ही में पृथ्वी पर भी रात के समय आसमान में ऑरोरा लाइट शो देखने को मिला था। बकौल नासा, जब उच्च-ऊर्जा कण किसी ग्रह के चुंबकीय ध्रुवों के पास उसके वायुमंडल में प्रवेश करते हैं और गैस के परमाणुओं से टकराते हैं, तब ऑरोरा बनते हैं और तस्वीर में इसी प्रकार से निर्मित हुई बैंगनी रंग की चमकीली ऑरोरा दिखाई दे रही है।

जुपिटर ग्रह पर दिखाई दे रही ऑरोरा पृथ्वी पर ऑरोरा की तुलना में काफी विशाल और सैकड़ों गुना ज्यादा ऊर्जावान भी है। पृथ्वी पर सौर तूफानों की वजह से तीव्र ऑरोरा होता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article