नॉलेज

देश के लिए क्रिकेट की तीनों विश्व प्रतियोगिताएं जीतने वाले कप्तान का हुआ था जन्म, जानें महत्वपूर्ण घटनाक्रम

7 July History: इतिहास में सात जुलाई का दिन कई ऐतिहासिक घटनाओं के साथ दर्ज है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का झारखंड की राजधानी रांची में जन्म हुआ था। वहीं, 1930 में आज ही के दिन ब्रिटिश लेखक आर्थर कॉनन डॉयल का निधन हुआ था।

Image

आज का इतिहास

Photo : Times Now Digital

7 July History: झारखंड की राजधानी रांची के एक परिवार में सात जुलाई को जन्मे महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी योग्यता और जुझारूपन से विश्व क्रिकेट में एक अनूठा मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलताओं को देखते हुये उन्हें पद्म भूषण, पद्म श्री और राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। माही के नाम से लोकप्रिय धोनी आईसीसी की तीनों विश्व प्रतियोगिताएं जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं।

भारतीय सिनेमा के इतिहास में भी सात जुलाई का एक खास महत्व है। दरअसल 1896 में इसी दिन फ़्रांस के सिनेमैटोग्राफर ल्युमिर भाइयों ने भारतीय सिनेमा की नींव रखी थी। इन दोनों ने इस दिन बम्बई (अब मुंबई) के वाटसन होटल में छह फिल्मों का प्रदर्शन किया था।

इन फिल्मों को देखने के लिए टिकट की कीमत तब एक रुपये रखी गई थी और उस समय के अखबारों ने इसे सदी का चमत्कार बताया था। इस कार्यक्रम को दर्शकों का अपार प्रोत्साहन मिला, जिससे प्रभावित होकर जल्द ही कलकत्ता (अब कोलकाता) और मद्रास (अब चेन्नई) में भी फिल्मों का प्रदर्शन होने लगा और भारतीय फिल्म निर्माण का रास्ता खुला।

देश दुनिया के इतिहास में सात जुलाई की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

1456: जॉन ऑफ आर्क को उनकी मृत्यु के 25 साल बाद दोषमुक्त करार दिया गया। 1656: सिखों के आठवें गुरु गुरु हर किशन का जन्म।

1758: आधुनिक त्रावणकोर के निर्माता राजा मार्तंड वर्मा का निधन

1896: भारत में सिनेमा का प्रवेश। बम्बई के वाटसन होटल में ल्यूमिर बंधुओं ने फिल्मों का पहली बार प्रदर्शन किया।

1912: अमेरिकी खिलाड़ी जिम थोर्पे ने स्टॉकहोम ओलम्पिक में चार स्वर्ण जीतकर तहलका मचाया।

1928: स्लाइस्ड ब्रेड की पहली बार बिक्री हुई। इसे मशीन से काट कर तैयार किया गया।

1930: ब्रिटिश लेखक आर्थर कॉनन डॉयल का निधन

1948: बहुउद्देश्यीय परियोजना के लिए दामोदर घाटी निगम की स्थापना।

1978: सोलोमन द्वीप ने यूनाइटेड किंगडम से अपनी आजादी का ऐलान किया।

1985: महज 17 साल की उम्र में बोरिस बेकर ने विम्बलडन जीता

1981: क्रिकेट के सफलतम खिलाड़ियों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी का जन्म।

1999: परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा देश की रक्षा करते हुये शहीद हो गए।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article