देश

'भारत जोड़ो यात्रा': सोनिया-राहुल की तस्वीरें कांग्रेस के लिए ट्रंप कार्ड साबित होंगी?

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 6, 2022, 06:04 PM IST

Bharat Jodo Yatra : पदयात्रा में सोनिया गांधी की मौजूदगी ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं में एक नया जोश पैदा कर दिया। हालांकि, सोनिया गांधी कुछ ही देर तक पैदल चलीं। जिसके बाद राहुल गांधी ने उनकी सेहत को देखते हुए जबरदस्ती उन्हें गाड़ी में बिठा दिया।

Image

राहुल गांधी से मिलने के लिए कर्नाटक पहुंची हैं सोनिया गांधी।

KEY HIGHLIGHTS
कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' अभी कर्नाटक में है, राज्य में अगले साल विस चुनाव होंगे
राजनीतिक रूप से कांग्रेस के लिए कर्नाटक अहम राज्य है, पदयात्रा से पार्टी होगी मजबूत
गुरुवार को सोनिया-राहुल की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं

रंजीता झा : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार को 'भारत जोड़ो यात्रा' में पहली बार शामिल हुईं। सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या जिले में सुबह 8:30 बजे भारत जोड़ो यात्रा में पदयात्रा करते नजर आईं। उनके साथ यात्रा के दौरान राहुल गांधी कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर सोनिया गांधी आखिरी बार किसी बड़े कार्यक्रम में शामिल हुई हैं। सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी से मिलने 3 अक्टूबर को ही कर्नाटक पहुंच गई थीं।

सोनिया ने कार्यकर्ताओं-नेताओं में नया जोश पैदा किया

पदयात्रा में सोनिया गांधी की मौजूदगी ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं में एक नया जोश पैदा कर दिया। हालांकि, सोनिया गांधी कुछ ही देर तक पैदल चलीं। जिसके बाद राहुल गांधी ने उनकी सेहत को देखते हुए जबरदस्ती उन्हें गाड़ी में बिठा दिया। इस सबके बीच आज पूरे दिन सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कई सारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती रहीं। जिसमें सबसे ज्यादा राहुल गांधी द्वारा जबरदस्ती सोनिया गांधी को गाड़ी में बिठाने का विजुअल हो या फिर राहुल गांधी द्वारा सोनिया गांधी के जूते की लेसस को बांधने की तस्वीर हो, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने और नेताओं ने इन वीडियोज को सोशल मीडिया पर अपने-अपने ट्विटर हैंडल से खूब प्रचारित और प्रसारित किया।

राहुल से मिलने के लिए कर्नाटक पहुंची हैं सोनिया

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की वो तस्वीर भी सोशल मीडिया पर खूब चली जिसमें दशहरे के मौके पर कर्नाटक में वह एक मंदिर में पूजा अर्चना और आरती लेते हुए दिखीं। दरअसल, सोनिया गांधी पिछले एक महीने से यात्रा कर रहे राहुल गांधी से मिलने कर्नाटक पहुंच गई थीं। वो दो दिनों तक राहुल के साथ रहीं। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक कांग्रेस के नेताओं से भी मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी अगले एक-दो दिन और कर्नाटक में ही रह सकती हैं। शुक्रवार को राहुल गांधी प्रेस कांफ्रेंस भी कर सकते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया चल रही है

पिछले दो दशक से कांग्रेस का नेतृत्व कर रहीं सोनिया गांधी बतौर अध्यक्ष शायद आखरी बार कांग्रेस के किसी बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनी हैं। फिलहाल, कांग्रेस के अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया चल रही है। मुकाबला मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच होना है। खड़गे को अगला अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में सोनिया गांधी का यात्रा में अध्यक्ष के रूप में शामिल होना अपने आप में ऐतिहासिक है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक सोनिया गांधी भले ही हमारी अध्यक्ष न रहें लेकिन उनसे प्रेरणा और मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहेगा।

कर्नाटक में अगले साल होगा विधानसभा का चुनाव

कर्नाटक में अगले साल विधानसभा का चुनाव होना है। कांग्रेस के लिए 'भारत जोड़ो यात्रा' एक बड़ा मौका है जिसके जरिए वो दक्षिण के द्वार कर्नाटक में सत्ता में वापस आ सकती है। राहुल गांधी के साथ सोनिया गांधी का कर्नाटक में यात्रा में शामिल होना अपने आप में इस बात का संकेत है कि कांग्रेस के लिहाज से कर्नाटक का विधानसभा चुनाव कितना महत्वपूर्ण है। बहरहाल, सोनिया गांधी के साथ राहुल की तस्वीर ने सोशल मीडिया पर मां-बेटे के रिश्ते के भावनात्मक पहलू को खूब दिखाया। अब देखना होगा की यात्रा का ये इमोशनल कार्ड कांग्रेस को कितना फायदा पहुंचता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article