ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन इस समय तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। अपने दौरे के आखिरी दिन आज उन्होंने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों के साथ ही उन्होंने लिखा कि प्रिंस और प्रिंसेस ऑफ वेल्स से मिलकर खुशी हुई।
सनद रहे कि प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन की यह यात्रा भारत में पहली बार आयोजित हो रहे छठे अर्थशॉट प्राइज 2026 समारोह में शामिल होने के लिए हुई।
भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर
पीएम मोदी ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दोनों की पहल की प्रशंसा की। उन्होंने लिखा,'वेल्स के प्रिंस और प्रिंसेस से मिलकर बहुत खुशी हुई। दुनिया भर में नए क्लाइमेट सॉल्यूशन को बढ़ावा देने और ग्लोबल एनवायरनमेंटल चुनौतियों से निपटने में भारत की काबिलियत दिखाने के लिए अर्थशॉट प्राइज़ की कोशिशों की तारीफ करता हूं।'
पीएम ने आगे लिखा कि इंडिया-UK कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और मज़बूत करने और हाल ही में लागू हुए व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते (CETA) से दोनों देशों के रिश्तों को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए इस समझौते से मिले अवसरों का लाभ उठाया जाना चाहिए। इससे दोनों देशों के लोगों और व्यापक वैश्विक समुदाय की साझा समृद्धि का रास्ता खुलेगा।
करण जौहर के स्टूडियो में 'शावा शावा' पर झूमे डांसर
इससे पहले प्रिंस विलियम ने अपने भारत दौरे के दौरान मुंबई में करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस का दौरा किया। यहां उन्होंने फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के लोकप्रिय गाने 'शावा शावा' पर डांस करते कलाकारों की प्रस्तुति देखी। इस दौरान करण जौहर ने बॉलीवुड अभिनेता करीना कपूर खान और सैफ अली खान के साथ प्रिंस विलियम का स्वागत किया।
वहीं, केट मिडलटन ने मुंबई के नौरोजी वाडिया मैटरनिटी अस्पताल का दौरा किया। यहां उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और परिवारों से मुलाकात कर मातृ स्वास्थ्य और बच्चों की शुरुआती देखभाल से जुड़े भारत के प्रयासों को समझा।
क्या है अर्थशॉट प्राइज?
अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने 2020 में की थी। इसका उद्देश्य दुनिया की गंभीर पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए काम करने वाले लोगों, संस्थाओं और कंपनियों को प्रोत्साहित करना है। इस पुरस्कार के तहत हर श्रेणी के विजेता को 10 लाख पाउंड की राशि दी जाती है, ताकि वे अपने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों को बड़े स्तर पर आगे बढ़ा सकें। इस साल इसका आयोजन पहली बार भारत में किया गया।
