MCD Polls 2022: दिल्ली नगर निगम चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) चीफ जेपी नड्डा ने शहर के सभी सांसदों और विधायकों से कहा है कि वे 11 दिनों तक के लिए शहर न छोड़ें। ऐसा इसलिए, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में प्रचार का देसी तरीका अपनाएगी। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार (22 नवंबर, 2022) देर रात नड्डा की अगुवाई में एक अहम बैठक हुई थी। मीटिंग में तय हुआ कि बीजेपी दिल्ली के एक करोड़ लोगों से व्यक्तिगत जन संपर्क साधेगी और उनके मन की बात सुनेगी।
बीजेपी एमसीडी चुनाव में अपने दिग्गज नेताओं को उतारने जा रही है। आम आदमी पार्टी से मिल रही चुनौती से निपटने के लिए बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व का सहारा इस चुनाव में लेने जा रही है। दिल्ली बीजेपी के नेता या दिल्ली का नेतृत्व अभी तक आम आदमी पार्टी और केजरीवाल को वो टक्कर देता हुआ दिखाई नही दे रहा है, जिसकी उम्मीद की जा रही थी। ऐसे में जेपी नड्डा की अगुवाई में हुए बैठक में केंद्र के दो बड़े नेताओं को एमसीडी चुनाव में लगाया गया है। बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल और सुनील देवघर को बीजेपी ने मैदान में उतारा है।
बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के रोड शो एमसीडी चुनाव में कराने की रूप रेखा तैयार कर ली गई है। दो दिन पहले बीजेपी ने 14 जगहों पर एक साथ रोड शो कराकर माहौल अपने पक्ष करने का आगाज़ किया था। एमसीडी के चुनाव गुजरात विधान सभा चुनाव के साथ हो रहे हैं। ऐसे बीजेपी की पहली प्राथमिकता तो गुजरात की है। नेताओं की उपलब्धता के मायने में, लेकिन जो भी बड़े नेता दिल्ली में उपलब्ध है उनका रोड शो, इस चुनाव में कराया जाएगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 23 तारीख को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और 23,24 को धर्मेंद प्रधान दिल्ली में रोड शो करने जा रहे हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड सीएम धामी, और असम सीएम इस एमसीडी चुनाव में रोड शो करने जा रहे हैं। 70 विधान सभाओ में 70 नेताओं को बीजेपी ने मैदान में उतार दिया है, अब आप अंदाजा लगा सकते हैं की बीजेपी किसी भी कीमत पर एमसीडी का चुनाव अपने हाथ से जाने देना नही चाहती है।
