देश

24 घंटे तक भी नहीं चल सकी वैष्णो देवी यात्रा, फिर हुई स्थगित; जानें कितने तीर्थयात्रियों को जाने की मिली इजाजत

Vaishno devi Yatra: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा बुधवार को फिर से शुरू हो गई, जिससे श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही, क्योंकि दिन में 2500 तीर्थयात्रियों को अनुमति देने के बाद आज शाम को खराब मौसम के कारण तीर्थयात्रा को एक बार फिर स्थगित कर दिया गया।

Image

वैष्णो देवी यात्रा फिर हुई स्थगित (फाइल फोटो साभार: iStock)

Photo : iStock

Vaishno devi Yatra: भूस्खलन और लगातार भारी वर्षा के कारण 22 दिनों तक स्थगित रहने के बाद, जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर की तीर्थयात्रा बुधवार को फिर से शुरू हो गई, जिससे श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही, क्योंकि दिन में 2500 तीर्थयात्रियों को अनुमति देने के बाद आज शाम को खराब मौसम के कारण तीर्थयात्रा को एक बार फिर स्थगित कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि विनाशकारी भूस्खलन के कारण 22 दिनों तक यात्रा स्थगित रही थी। इस भूस्खलन में 34 लोगों की मौत हो गई थी और 20 घायल हो गए थे। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) ने आज सुबह से अनुकूल मौसम होने की स्थिति में यात्रा को फिर से शुरू करने की घोषणा की, जिससे कटरा शहर में डेरा डाले हुए कई श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। कटरा शहर तीर्थयात्रियों का आधार शिविर है। यात्रा के आरंभ स्थल, बाणगंगा दर्शनी द्वार पर सैकड़ों श्रद्धालु ‘जय माता दी’ के जयकारे लगाते हुए तड़के ही एकत्रित हो गए और यात्रा शुरू होने पर अपार खुशी और राहत व्यक्त की।

भारी बारिश का अलर्ट

श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम और मंदिर तक जाने वाले मार्ग के आवश्यक रखरखाव के कारण अस्थायी रूप से स्थगित किए जाने के बाद, पहाड़ी पर स्थित मंदिर की ओर जाने वाले दोनों मार्गों से यात्रा सुबह छह बजे शुरू हो गई। हालांकि, त्रिकुटा पहाड़ियों पर काले बादल छा जाने और मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश की भविष्यवाणी के बाद, शाम करीब 5:30 बजे तीर्थस्थल बोर्ड ने यात्रा को तत्काल स्थगित करने की घोषणा की।

क्या हेलीकॉप्टर सेवा चल रही है?

एक अधिकारी ने बताया कि दिन में 2,500 से ज्यादा तीर्थयात्री यात्रा में शामिल हुए और उनमें से कई पहले ही तीर्थस्थल पर दर्शन कर चुके हैं। हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित रही, लेकिन बैटरी कार सामान्य रूप से काम करती रही। उन्होंने कहा कि तीर्थस्थल बोर्ड आज रात स्थिति की समीक्षा करेगा और तदनुसार गुरुवार को यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों को मार्ग पर जाने की अनुमति देने के बारे में निर्णय लिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को वैध पहचान पत्र साथ रखने, निर्धारित मार्गों का पालन करने और जमीनी कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की सलाह दी जाती है। उन्होंने बताया कि रेडियो फ्रीक्वेंसी परिचय पत्र (RFID) आधारित ट्रैकिंग अनिवार्य रहेगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे और श्रद्धालुओं की जानकारी मिलती रहे। मंदिर बोर्ड ने अस्थायी निलंबन के दौरान धैर्य और समझदारी दिखाने के लिए सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article