देश

'जब मैं गर्लफ्रेंड के साथ मम्मी-पापा की पहली मुलाकात वाली जगह पर गया था...' राहुल गांधी ने सुनाया दिलचस्प किस्सा

सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' में राहुल गांधी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है। राहुल अपनी गर्लफ्रेंड को कैम्ब्रिज के उसी रेस्टोरेंट में लेकर गए थे, जहां उनके माता-पिता सोनिया गांधी और राजीव गांधी पहली बार मिले थे। इस रेस्टोरेंट का नाम 'द वर्सिटी' है। सोनिया और राजीव की पहली मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी और बाद में दोनों ने शादी कर ली थी।

Image

राहुल गांधी ने सुनाया कैंब्रिज यूनिवर्सिटी का मजेदार किस्सा। Congress X handle

Rahul Gandhi Girlfriend Story: सोनिया गांधी की आत्मकथा'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) में गांधी परिवार से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है। राहुल गांधी ने कहा, “मुझे बहुत सख्त निर्देश मिले हैं, जिनका मैं पालन करने वाला हूं- राजनीति पर कोई बात नहीं करूंगा। लेकिन एक बेटे के तौर पर, मैंने सोचा कि हम बच्चों में से किसी एक को अपनी मां की थोड़ी झलक भी लोगों को दिखानी चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि मैं उस तस्वीर को देख रहा था। मां की एक और तस्वीर है, जिसमें वह उल्टी लटकी हुई हैं और झूले से लटक रही हैं। यह तस्वीर कैंब्रिज की है। जब हम छोटे थे, तब हमारी मां ऐसी ही थीं। मेरे माता-पिता की पहली मुलाकात को लेकर कई कहानियां प्रचलित थीं। उनमें से एक बड़ी कहानी यह थी कि वे 'वर्सिटी रेस्टोरेंट' में मिले थे और वहीं उनकी पहली मुलाकात हुई थी।

कई साल बाद एक बार मैं कैंब्रिज गया हुआ था। मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा, ‘जानती हो, चलो वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं।’ उसे इस जगह के बारे में कुछ भी पता नहीं था, लेकिन मैंने उससे कहा कि चलो वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं।”

बता दें कि सोनिया और राजीव गांधी की मुलाकात इंग्लैंड के कैम्ब्रिज में एक ग्रीक रेस्टोरेंट में हुई थी। इस जगह का नाम 'द वर्सिटी' (The Varsity) था। दोनों को एक कॉमन फ्रेंड ने मिलवाया था। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदली और 25 फरवरी 1968 को दोनों ने शादी कर ली।

माता-पिता की लव स्टोरी से जुड़ी थी यह जगह

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि उनकी और राजीव गांधी की प्रेम कहानी कैम्ब्रिज के इसी छोटे से ग्रीक रेस्टोरेंट से शुरू हुई थी। उस समय सोनिया इटली के अपने खानपान से मिलता-जुलता भोजन तलाश रही थीं। इसी तलाश में वह इस रेस्टोरेंट पहुंचीं, जहां उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई।

सोनिया के मुताबिक, एक साझा दोस्त ने दोनों का परिचय कराया था। पहली मुलाकात में ही उन्हें राजीव का स्वभाव पसंद आया था। उन्होंने राजीव को बेहद सौम्य और आकर्षक व्यक्तित्व वाला बताया था। इसके बाद दोनों दोस्त बने, साथ में पार्टियों में जाने लगे और घूमने-फिरने लगे।

परिवार के बारे में कई बातें कही गईं, जो सच नहीं थीं: सोनिया गांधी

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने सोमवार को कहा कि उनके परिवार, पति राजीव गांधी, सास इंदिरा गांधी और बच्चों के बारे में कई ऐसी बातें कही गईं, जो सही नहीं थीं और यह किताब लिखने की एक प्रमुख वजह यह भी थी ताकि लोगों को सही कहानी बताई जा सके।

सोनिया ने अपनी पुस्तक ’बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन समारोह में कहा कि उनके मित्र लंबे समय से उनसे किताब लिखने के लिए कहते थे, लेकिन उन्होंने परिवार और दोस्तों से बातचीत करने के बाद ही लिखना शुरू किया। उन्होंने कहा, ’’मेरे परिवार, मेरे पति, मेरी सास और मेरे बच्चों के बारे में बहुत सारी बातें कही गईं, जो सही नहीं थीं। कई बातें ऐसी थीं, जो सत्य नहीं थीं। फिर मुझे लगा कि इस माध्यम से अपनी कहानी बताई जाए।’’

सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें अपने बचपन और युवावस्था के दिनों की बहुत सारी बातें याद थीं, लेकिन अपनी सास और पति की हत्या के समय की घटनाओं को याद करना और उन्हें शब्दों में ढालना बेहद मुश्किल था। उन्होंने बताया कि इस काम में उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा ने उनकी मदद की।

राजीव गांधी के साथ अपने प्रेम संबंधों का जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा कि वह इस बात से सहमत हैं कि उनके और राजीव के बीच का ’रोमांस जादुई’ था। उन्होंने बताया कि जब वे दोनों कैम्ब्रिज से अपने-अपने घर लौटे थे, तब एक-दूसरे को पत्र लिखा करते थे। सोनिया के मुताबिक, राजीव अपने पत्रों में उनसे पूछा करते थे कि क्या उन्होंने अपने माता-पिता से उनके बारे में बात की।

उन्होंने बताया कि बाद में राजीव गांधी स्वयं उनके पिता से मिलने पहुंचे और उनसे बात की। पुस्तक के विमोचन समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ विपक्षी गठबंधन ’इंडिया’ के कई प्रमुख नेता भी शामिल हुए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article