दुनिया

होर्मुज में तेल के जहाजों पर आफत! 24 घंटे के भीतर 4 टैंकर आए निशाने पर, ईरान ने चेताया-समुद्री नियमों का पालन करें

ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB के माध्यम से जारी बयान में नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि संबंधित टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजर रहा था और उसने अपने नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखे थे। नौसेना के मुताबिक टैंकर को भारी नुकसान पहुंचा है।

Image

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फिर निशाने पर ऑयल टैंकर। -फाइल पिक्चर

Photo : AP

Strait Of Hormuz: दुनिया के सबसे अहम तेल व्यापार मार्गों में से एक, होर्मुज जलडमरूमध्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कम से कम चार तेल टैंकर क्षतिग्रस्त हुए हैं। ईरानी नौसेना के अनुसार चौथा टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। इसी बीच ब्रिटेन की समुद्री व्यापार निगरानी एजेंसी UKMTO ने ओमान के तट के पास एक अन्य टैंकर पर हमले की जानकारी दी है।

ईरानी नौसेना का दावा

ईरानी सरकारी प्रसारक IRIB के माध्यम से जारी बयान में नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि संबंधित टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजर रहा था और उसने अपने नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखे थे। नौसेना के मुताबिक टैंकर को भारी नुकसान पहुंचा है। नौसेना ने जहाज संचालकों को चेतावनी भी जारी की है कि प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्रों में सशस्त्र बलों के साथ समन्वय किए बिना प्रवेश न करें। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार बयान में कहा गया कि नियमों के विरुद्ध और बिना समन्वय की गई किसी भी आवाजाही का नतीजा 'बारूदी सुरंगों और आग' के रूप में सामने आ सकता है। नौसेना ने यह भी कहा कि सुरक्षित मार्ग के लिए समुद्री नियमों का पालन और ईरानी सशस्त्र बलों से समन्वय ज़रूरी है, और सुरक्षा 'खोखली बयानबाजी और झूठ' से सुनिश्चित नहीं की जा सकती।

सुरंगों से टकराने के बाद फट गए 3 ऑयल टैंकर

ताजा घटना से पहले, शनिवार को ईरानी नौसैनिक बलों ने जानकारी दी थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास तीन तेल टैंकर बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद फट गए और उनमें आग लग गई। इस तरह कुल मिलाकर चार टैंकरों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है।

चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित

UKMTO ने अपनी एडवाइजरी में बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक टैंकर पर ओमान के खसाब तट से सात नॉटिकल मील की दूरी पर हमला हुआ। एजेंसी के अनुसार यह सूचना किसी तीसरे पक्ष ने दी थी। राहत की बात यह रही कि जहाज के सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। हालाँकि जहाज़ को हुए नुकसान की सीमा अभी स्पष्ट नहीं है।

क्यों अहम है यह घटनाक्रम

होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है और वैश्विक तेल परिवहन का एक प्रमुख रास्ता है। यहां किसी भी तरह की अस्थिरता का असर अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों, शिपिंग बीमा लागत और आपूर्ति शृंखला पर पड़ सकता है। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देशों के लिए भी यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील है, क्योंकि उसके कच्चे तेल की बड़ी खेप इसी मार्ग से आती है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article