देश

'पंजाब की हजारों एकड़ जमीन अब भी जलमग्न, गांवों का कटा हुआ है संपर्क'; राहुल ने PM मोदी को पत्र लिख की यह मांग

Punjab Floods: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि बाढ़ प्रभावित पंजाब में नुकसान का शीघ्र आकलन करके व्यापक राहत पैकेज जारी किया जाए। कांग्रेस नेता ने कहा कि अनुमान है कि राज्य को कम से कम 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। यह संकट एक साहसिक प्रतिक्रिया की मांग करता है।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो साभार: @RahulGandhi)

Photo : Twitter

Punjab Floods: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि बाढ़ प्रभावित पंजाब में नुकसान का शीघ्र आकलन करके व्यापक राहत पैकेज जारी किया जाए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने 16 सितंबर को लिखे पत्र में यह दावा भी किया कि केंद्र सरकार द्वारा 1,600 करोड़ रुपये की शुरुआती राहत की जो घोषणा की गयी थी, वह पंजाब के साथ घोर अन्याय है। कांग्रेस नेता ने बीते 15 सितंबर को पंजाब का दौरा किया था।

राहुल गांधी ने PM मोदी को लिखा पत्र

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, राहुल गांधी ने पत्र में कहा, "अपनी हाल की यात्रा के दौरान मैंने बाढ़ से हुई तबाही और नुकसान को देखा । चार लाख एकड़ से अधिक धान की फसल नष्ट हो गई है और 10 लाख से अधिक जानवर मर गए हैं। लाखों लोगों ने, जिनमें अधिकतर हाशिए पर रहने वाले समुदायों के लोग हैं, अपने घर खो दिए हैं। बाढ़ ने निकट भविष्य में जमीन के विशाल भूभाग को खेती के अयोग्य बना दिया है। " उनका कहना है कि आज भी हजारों एकड़ जमीन जलमग्न है और गांवों का संपर्क कटा हुआ है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा, "इस संकट की गंभीरता के बावजूद, मैंने मानवता का सर्वोत्तम पक्ष देखा। विभिन्न समुदाय उन लोगों के पीछे एकजुट होकर खड़े हो गए जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया। लोगों ने अपने घरों को अजनबियों के लिए खोल दिया और उनके पास जो कुछ भी था उसे साझा किया।" गांधी के मुताबिक, लोगों की उदारता और मदद करने की प्रतिबद्धता सराहनीय थी।

पंजाब में बाढ़ से भारी नुकसान

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा घोषित 1,600 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राहत पंजाब के लोगों के साथ घोर अन्याय है। कांग्रेस नेता ने कहा, "अनुमान है कि राज्य को कम से कम 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। यह संकट एक साहसिक प्रतिक्रिया की मांग करता है। मैं सरकार से नुकसान का शीघ्र आकलन करने और एक व्यापक राहत पैकेज देने का अनुरोध करता हूं।" उन्होंने कहा कि पंजाब को हर संभव मदद देने की आवश्यकता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article