देश

UP समेत 5 राज्यों में चुनावी तैयारी में जुटी कांग्रेस, स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन; किसे मिली उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी?

कांग्रेस ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। यूपी में वरिष्ठ नेता अजय माकन को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। ये समितियां चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं के नामों की जांच करेंगी और संभावित उम्मीदवारों के चयन में पार्टी नेतृत्व की मदद करेंगी।

Image

पंजाब समेत 5 राज्यों में चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी में स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन। ANI

Photo : ANI

कांग्रेस ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। इन समितियों का मुख्य काम चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं के नामों की जांच करना और संभावित उम्मीदवारों के चयन में पार्टी नेतृत्व की मदद करना होगा।

उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राजनीतिक राज्य में कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता और पार्टी के कोषाध्यक्ष अजय माकन को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। उनके साथ असलम शेख और बीवी श्रीनिवास को सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी हैं।

यूपी में अजय माकन करेंगे उम्मीदवारों की छंटनी

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अजय माकन को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। वह स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष होंगे। असलम शेख और बीवी श्रीनिवास उनके साथ कमेटी में शामिल रहेंगे। यह समिति संभावित प्रत्याशियों के नामों की पड़ताल करेगी और उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी नेतृत्व को सुझाव देगी।

पांच राज्यों में किसे मिली जिम्मेदारी?

कांग्रेस ने पांचों राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों के अध्यक्ष और सदस्यों के नाम घोषित किए हैं।

- उत्तर प्रदेश: अजय माकन अध्यक्ष, असलम शेख और बीवी श्रीनिवास सदस्य।

- पंजाब: डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद अध्यक्ष, सचिन सावंत और निवेदिथ अल्वा सदस्य।

- उत्तराखंड: दीपा दासमुंशी अध्यक्ष, अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया सदस्य।

- गोवा: के.जे. जॉर्ज अध्यक्ष, सतेज डी. पाटिल और शफी परम्बिल सदस्य।

- मणिपुर: बी.एम. संदीप अध्यक्ष, हिबी ईडन और राजेश ठाकुर सदस्य।

congress

UP समेत 5 राज्यों में चुनाव को लेकर स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन। Congress X handle

स्क्रीनिंग कमेटी का क्या होगा काम?

स्क्रीनिंग कमेटियां विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों की जांच और छंटनी करेंगी। ये समितियां उम्मीदवारों की दावेदारी पर विचार करने के बाद पार्टी नेतृत्व को अपनी सिफारिशें देंगी। इसके अलावा संबंधित राज्यों के AICC महासचिव या प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और संबंधित AICC सचिव भी इन समितियों के पदेन सदस्य होंगे।

चुनाव से पहले कांग्रेस ने तेज की तैयारी

पांच राज्यों में स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की शुरुआती अहम कड़ी माना जा रहा है। इन राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी ने उम्मीदवारों की पहचान और चयन की प्रक्रिया को समय रहते आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article