शहर

प्रयागराज में अतीक के करीबियों पर PDA का बुलडोजर एक्शन, 23 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने माफिया अतीक अहमद के साढ़ू समेत जीशान, तारिक और फाजिल जाफरी की करीब 23 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कर दी। प्राधिकरण ने चारों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दी है।

Image

अतीक अहमद के साढ़ू और करीबियों पर बुलडोजर एक्शन

Photo : Times Now Digital

Prayagraj News: माफिया अतीक अहमद का खात्मा होने के बावजूद उसके कथित करीबियों के अवैध कारोबार पर प्रशासन लगातार शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतीक के साढ़ू इमरान समेत अन्य करीबियों द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला दिया। प्राधिकरण की टीम ने करीब 23 बीघा जमीन पर विकसित की गई अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।

चार लोगों की जमीन पर हुई कार्रवाई

PDA की टीम ने इमरान, जीशान, तारिक और फाजिल जाफरी द्वारा की गई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ यह कार्रवाई की। इस कार्रवाई के साथ ही प्राधिकरण ने चारों के खिलाफ संबंधित थानों में FIR दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दी है। जानकारी के मुताबिक, अतीक अहमद के साढ़ू इमरान और जीशान ने बमरौली के मौजा मंदरी, परगना में करीब 10 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग कर रखी थी। वहीं, तारिक द्वारा भी मौजा मंदरी में करीब 3 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की गई थी। इसके अलावा फाजिल जाफरी ने मौजा गांजा, परगना तहसील सदर में करीब 10 बीघा जमीन पर अवैध निर्माण और प्लाटिंग का जाल फैला रखा था। इन चारों की कुल मिलाकर लगभग 23 बीघा जमीन पर बिना अनुमति के अवैध प्लाटिंग की जा रही थी, जिसे PDA के बुलडोजर ने ढहा दिया।

चारों के खिलाफ FIR के लिए तहरीर

बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने चारों आरोपियों इमरान, जीशान, तारिक और फाजिल जाफरी के खिलाफ संबंधित थानों में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध निर्माण और बिना अनुमति प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अतीक के करीबियों के आर्थिक साम्राज्य पर प्रहार करने वाली इस कार्रवाई को इलाके में काफी अहम माना जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article