अमेरिका के सबसे बड़े बैंकों में से एक जेपी मोर्गन चेज (JPMorgan Chase) के डिजिटल सिस्टम में आई एक बड़ी तकनीकी खराबी के कारण देश भर में ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल ऐप सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। इस तकनीकी गड़बड़ी का असर सिर्फ चेज तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके चलते Bank of America, Wells Fargo और Zelle जैसे प्रमुख पेमेंट नेटवर्क के ग्राहकों को भी लेन-देन में देरी का सामना करना पड़ा।
ग्राहकों को क्या-क्या दिक्कतें आईं?
आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, हजारों यूजर्स ने एक साथ बैंकिंग सेवाएं ठप होने की शिकायत दर्ज कराई। बड़ी संख्या में ग्राहक अपने मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए बैंक खाते में लॉग इन नहीं कर पा रहे थे। जिन ग्राहकों का अकाउंट खुल भी रहा था, उन्हें अपना अकाउंट बैलेंस, ट्रांजैक्शन हिस्ट्री और रूटिंग नंबर देखने में दिक्कत आ रही थी। कई यूजर्स की स्क्रीन पर संदेश दिख रहा था— "कुछ सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। हम इस पर काम कर रहे हैं, कृपया कुछ समय बाद प्रयास करें।"
अन्य बैंकों और Zelle पर क्यों पड़ा असर?
आउटेज के दौरान Bank of America और Wells Fargo के ग्राहकों ने भी शिकायतें कीं, जिससे सोशल मीडिया पर यह भ्रम फैल गया कि पूरे अमेरिका का बैंकिंग सिस्टम एक साथ क्रैश हो गया है। हालांकि, एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, समस्या मुख्य रूप से JPMorgan Chase के सिस्टम में थी। चूंकि अन्य बैंकों के ग्राहक मॉर्गन चेज के खातों में पैसे भेजने या प्राप्त करने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए उनके ट्रांजैक्शन भी अटक गए।
इसके अलावा, लोकप्रिय पीयर-टू-पीयर पेमेंट सर्विस Zelle को संचालित करने वाली कंपनी Early Warning Services ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उनका नेटवर्क पूरी तरह सामान्य काम कर रहा है, लेकिन सहयोगी बैंकों (विशेषकर चेज) की तकनीकी दिक्कत के कारण यूजर्स को पेमेंट क्लियर होने में देरी हो रही है।
साइबर हमला नहीं, आंतरिक तकनीकी खराबी
हाल के दिनों में माइक्रोसॉफ्ट के ग्लोबल आउटेज और अमेरिकी विमानन नियंत्रण (FAA) सिस्टम में आई गड़बड़ियों के बाद इस बैंकिंग आउटेज ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, बैंक प्रशासन ने साफ किया है कि यह किसी तरह का साइबर हमला या हैकिंग नहीं है, बल्कि एक आंतरिक तकनीकी समस्या है। बैंक ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि उनका पैसा और डेटा पूरी तरह सुरक्षित है।
