देश

अभी न करें पहाड़ों की यात्रा! देहरादून-मसूरी के बीच सड़क संपर्क ठप, फंसे 2500 पर्यटक; बनाया जा रहा वैकल्पिक पुल

Dehradun Cloudburst: बादल फटने और भारी बारिश के बाद देहरादून और पर्यटक स्थल मसूरी को जोड़ने वाली सड़क के लगातार दूसरे दिन भी बंद रहने के कारण बुधवार को करीब 2,500 पर्यटक मसूरी में फंस गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कोल्हूखेत में एक वैकल्पिक बेली पुल बनाया जा रहा है।

Image

देहरादून-मसूरी के बीच सड़क संपर्क ठप (फाइल फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

Dehradun Cloudburst: बादल फटने और भारी बारिश के बाद देहरादून और पर्यटक स्थल मसूरी को जोड़ने वाली सड़क के लगातार दूसरे दिन भी बंद रहने के कारण बुधवार को करीब 2,500 पर्यटक मसूरी में फंस गए हैं। देहरादून के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार तड़के बारिश संबंधी घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई थी जबकि मसूरी जाने वाला रास्ता भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी अतिवृष्टि से नुकसान हुआ।

अधिकारियों के अनुसार, कोल्हूखेत में एक वैकल्पिक बेली पुल बनाया जा रहा है और इसके बुधवार रात तक हल्के वाहनों के लिए संचालित हो जाने की संभावना है। देहरादून-मसूरी मार्ग कई स्थानों पर टूट गया है जिसके कारण पुलिस को पर्यटकों एवं अन्य लोगों से अपने स्थानों पर ही रुकने की अपील की गयी और कहा गया कि जब तक सड़क संपर्क बहाल नहीं होता, वे अपने होटल, घरों या होमस्टे में ही रूके रहें।

मलबे को हटाने में जुटे कर्मचारी

मसूरी में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मार्ग पर दो स्थानों पर मलबे को आंशिक रूप से हटा दिया गया है, लेकिन कोल्हूखेत में वैकल्पिक पुल की स्थापना में थोड़ा और समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि देहरादून वाला मार्ग बाधित होने से वर्तमान में मसूरी में 2500 पर्यटक फंस गए हैं।कोल्हूखेत में पुल स्थापना के काम की निगरानी कर रहे आईएएस अधिकारी राहुल आनंद ने ''भाषा'' को बताया कि मंगलवार को मसूरी में फंसे पर्यटकों की संख्या कहीं ज्यादा थी। हांलांकि, उन्होंने कहा कि कई पर्यटक बुधवार को विकासनगर होते हुए लंबे मार्ग से निकल गए। उन्होंने कहा कि विकासनगर वाला मार्ग भी मंगलवार को बंद था, लेकिन वह बुधवार को यातायात के लिए खुल गया।

मसूरी में अब कैसे हैं हालात

उन्होंने कहा कि यह पुल एक-दो घंटे में पूरा हो जाएगा। फिर हम इसे हल्के वाहनों के लिए खोल देंगे। इससे कोल्हूखेत से आगे सड़क पर जमा मलबे को साफ करने के लिए जेसीबी जैसी भारी मशीन लाने में भी मदद मिलेगी। देहरादून से मसूरी की दूरी केवल 35 किलोमीटर है, लेकिन विकासनगर वाले वैकल्पिक मार्ग से यह दूरी 80 किलोमीटर हो जाती है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग बाधित होने के कारण मसूरी में अधिक समय तक रुकने को मजबूर पर्यटकों की असुविधा को देखते हुए मसूरी होटल मालिक संघ ने उदारता दिखाते हुए उन्हें मंगलवार को एक रात के लिए निशुल्क ठहरने की सुविधा प्रदान की।

मसूरी होटल मालिक संघ के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा, ‘‘यह सुविधा मंगलवार को केवल एक रात के लिए दी गई थी, लेकिन अब आगे मसूरी के होटलों में निशुल्क ठहरने की कोई सुविधा नहीं है। बुधवार देर रात तक सड़क के भी खुल जाने की संभावना है, इसके बाद पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार यहां से जा सकते हैं।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article