देश

रंग लाई सीएम पुष्कर सिंह धामी की मेहनत, उत्तराखंड बागेश्वर उपचुनाव भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने जीता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 8, 2023, 06:28 PM IST

Bageshwar By Election Result News: कहा जा रहा है कि चुनाव से दो दिन पहले जिस तरह से मुख्यमंत्री धामी ने बागेश्वर में धुंआधार प्रचार किया, उसने चुनाव का रुख बदलने में अहम रोल निभाया

Image

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में मिली यह जीत खासी अहम मानी जा रही है

KEY HIGHLIGHTS
  • बागेश्वर की धरती से आई इस जीत ने धामी का कद बढ़ा दिया है
  • चुनाव के अंतिम दो दिनों में सीएम धामी ने बदला हवा का रुख
  • भाजपा के तमाम अहम मुद्दों को आगे बढ़ा रहे सीएम पुष्कर धामी

उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की बागेश्वर विधानसभा सीट अपने पास बरकरार रखी है, जहां शुक्रवार को घोषित परिणाम में उसकी प्रत्याशी पार्वती दास ने अपने निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस के बंसत कुमार को 2400 से अधिक मतों से पराजित किया। भाजपा प्रत्याशी को 2,405 मतों से विजय हासिल हुई, बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास को मिली जीत से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कद और बढ़ेगा ऐसा माना जा रहा है।

गौर हो कि बागेश्वर विधानसभा सीट से धामी मंत्रिमंडल के सदस्य रहे चंदन राम दास की बीमारी से हुई मृत्यु के बाद यह सीट रिक्त हो गयी थी। भाजपा ने इस सीट पर उनकी पत्नी पार्वती दास को अपना उम्मीदवार बनाया था।

अंतिम दौर में किए गए जोरदार प्रचार ने बदल दिया हवा का रुख

दूसरी ओर, उपचुनाव के बहाने मुख्यमंत्री को घेरने में जुटी कांग्रेस ने बागेश्वर में अपने कई हैवीवेट नेताओं को प्रचार की डोर थमाए रखी। यहां तक कि कांग्रेसी दिग्गज एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी आठ दिनों तक बागेश्वर में डेरा डाले रखा लेकिन मुख्यमंत्री धामी द्वारा अंतिम दौर में किए गए जोरदार प्रचार ने हवा का रुख ही बदल डाला।

सीएम पुष्कर धामी पर आलाकमान अपना पूर्ण भरोसा जताता रहा है

मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में मिली यह जीत इसलिए भी अहम हो जाती है कि आज आए नतीजों में पड़ोसी एवं भाजपा शासित राज्य उत्तरप्रदेश की कोसी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में देवभूमि में बाबा बागनाथ की धरती से आई इस जीत ने भाजपा को 2024 लोकसभा चुनावों को लेकर आश्वस्त किया है। यूं भी, सीएम पुष्कर धामी पर आलाकमान अपना पूर्ण भरोसा जताता रहा है।

भाजपा के कोर मुद्दों में से एक समान नागरिक संहिता को राज्य में लागू करने के के साथ ही धर्मांतरण कानून को धामी देवभूमि में लागू कर भाजपा के एजेंडे को लगातार आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में अब बागेश्वर की धरती से आई इस जीत ने धामी को राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष अग्रिम पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article