देश

यूपी के संभल में कोल्ड स्टोरेज के चैंबर की छत ढही, मलबे में दबकर 8 की मौत, आरोपी फरार

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 17, 2023, 11:56 AM IST

पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि हादसे में घायल 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ अन्य लोगों के भी मलबे में दबे होने की आशंका है।

Image

संभल में कोल्ड स्टोरेज की छत ढही

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी थाना क्षेत्र में एक निजी कोल्ड स्टोरेज के चैंबर की छत ढहने से मलबे में दबकर मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चंदौसी थाना क्षेत्र के मई गांव में इस्लाम नगर मार्ग पर स्थित एक निजी कोल्ड स्टोरेज के चैंबर की छत गुरुवार को अचानक ढह गई थी। इस घटना में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। इस मामले में दोनों आरोपी अब भी फरार हैं।

और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

बंसल के मुताबिक, मलबे में से कंक्रीट और अन्य निर्माण सामग्री हटा ली गई है और अब आलू के बोरों को निकालने का काम किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा ने बताया कि हादसे में घायल 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ अन्य लोगों के भी मलबे में दबे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि कोल्ड स्टोरेज में राहत एवं बचाव कार्य अब भी जारी है।

परिक्षेत्रीय पुलिस उप महानिरीक्षक शलभ माथुर ने गुरुवार देर शाम संवाददाताओं से कहा था कि मलबे में अब भी कई लोग दबे हो सकते हैं। कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस के सिलिंडर रखे होने की वजह से राहत एवं बचाव कार्य में बहुत एहतियात बरती जा रही है। बचाव अभियान शुक्रवार सुबह तक चलने की संभावना है।

अंकुर और रोहित घटना के बाद से फरार

माथुर ने बताया था कि कोल्ड स्टोरेज के मालिक अंकुर अग्रवाल और रोहित अग्रवाल के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा था कि अंकुर और रोहित घटना के बाद से फरार हैं और दोनों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीम लगाई गई है। माथुर ने कहा था कि प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत मामले की मजिस्ट्रेट से जांच कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि कोल्ड स्टोरेज का जो हिस्सा ढहा है, वो तीन महीने पहले ही बनाया गया था, लेकिन इसके लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इसके अलावा, कोल्ड स्टोरेज में क्षमता से अधिक मात्रा में आलू रखा गया था। पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और पुलिस की टीमें राहत व बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।

(भाषा इनपुट)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article